logo

ओलंपियन सलीमा टेटे के घर वाले अब स्मार्ट टीवी पर देखेंगे अपनी बिटिया का कमाल

11533news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची :

भारतीय महिला हॉकी टीम में झारखंड की बेटी सलीमा टेटे भी शामिल हैं। टीम इंडिया द्वारा टोक्यो ओलंपिक में बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम को 1-0 से पराजित कर सेमीफाइनल तक का सफर तय किया है। लेकिन अपनी बिटिया के खेल को उनके घरवाले ही नहीं देख पा रहे थे। लेकिन यह समस्‍या भी झारखंड सरकार ने दूर कर दी है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर स्मार्ट टीवी लगाया है। साथ में सलीमा को लाइव खेलते देखने के लिए सेटअप बॉक्स भी लगाया गया है। सिमडेगा जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय ने बताया कि सलीमा के घर 43 इंच का स्मार्ट 4के टीवी लगाया गया है।

 

बेटी को लाइव खेलता नहीं देख पा रहे थे गांव के भी लोग

झारखंड की बेटी सलीमा टेटे ने संघर्ष किया, मैदान में पसीना बहाया और ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम में अपनी जगह बनाई। देश का प्रतिनिधित्व करते हुए मैदान में भी स्टिक से कमाल का प्रदर्शन किया, परंतु सलीमा के परिजन एवं गांववाले टोक्यो ओलंपिक में सलीमा को खेलते हुए टीवी ना होने के कारण नहीं देख पा रहे थे। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह बात आते ही सिमडेगा के उपायुक्त श्री सुशांत गौरव को समस्या के समाधान का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने तत्काल पहल करते हुए जिला खेल पदाधिकारी तुषार रॉय को सलीमा टेटे के घर सेमी फाइनल मैच के पहले टीवी लगाने का निर्देश दिया। निर्देश पर अमल हुआ और सलीमा के परिजन एवं गांव के लोग भी सेमीफाइनल मैच टीवी पर लाइव देख पाये। 

 

प्रेरित होंगे राज्य के खिलाड़ी          
सिमडेगा उपायुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि सलीमा का भारतीय महिला हॉकी टीम में शामिल होना, राज्य और जिले के लिए गौरव की बात है। इससे खेल प्रेमियों को प्रेरणा मिलेगी। जिला खेल पदाधिकारी  तुषार रॉय ने बताया कि भारतीय हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे के घर टीवी अधिष्ठापन के दौरान जिला हॉकी के सचिव मनोज कोंबेगी भी उपस्थित थे।