द फॉलोअप टीम, नई दिल्ली:
रेसलर सरिता मोर ने एक बार फिर वर्ल्ड लेवल पर भारत का नाम रौशन किया है। बता दें कि अलमाती में चल रहे एशिया कुश्ती चैंपियनशिप (Asia Wrestling Championship) में महिला 59 किग्रा में सरिता ने स्वर्ण पदक जीत लिया। 25 वर्षीय गत विजेता सरिता ने मंगोलिया की शूवदोर बातारजाव को 10-7 से हराया।
कामयाबी पर खुश है पूरा परिवार
जानकारी के मुताबिक एक वक्त तक सरिता शुरुआती तीन मिनट में 1-4 से पीछे चल रही थी। बाद में उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर किया। इसके बाद उन्होंने 10-7 से जीत हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। सरिता के इस कामयाबी से उनके कोच, गांव के लोग और परिवार काफी खुश है।
कायम रखा जीत का सिलसिला
पिछले साल फरवरी में नई दिल्ली में हुए एशिया चैंपियनशिप में भी सरिता ने स्वर्ण पदक जीता था। जबकि 2017 में उन्होंने 58 किग्रा में रजत पदक जीता था। भारत की ओर से सीमा ने 50 किग्रा वर्ग में ताईपे की यूंग हसुन लिन को हराकर कांस्य पदक जीता।