logo

झारखंड में राजद की बढ़ेगी सक्रियता, हर महीने तेजस्वी यादव करेंगे राजद गतिविधियों की समीक्षा 

11976news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 
राजद अब खुद को झारखण्ड में भी मजबूत करने की कवायद में जुट गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हर महीने अब झारखंड का दौरा करेंगे। झारखंड प्रदेश राजद के अध्यक्ष अभय कुमार सिंह व पूर्व विधायक संजय प्रसाद यादव ने यह जानकारी दी। अभय कुमार सिंह ने कहा कि पार्टी मजबूत रहेगी तो महागठबंधन में पूछ बढ़ेगी। संजय प्रसाद यादव ने कहा कि राजद 30 साल से अस्तित्व में है, लेकिन दुख है कि झारखंड में पार्टी अब तक मजबूत नहीं हो सकी। राजद किसी से भीख नहीं मांगता, न मांगेगा। राज्य में हेमंत सोरेन की बेहतर सरकार को राजद का समर्थन है।

चलाया जाएगा 'राजद अभियान'
संजय प्रसाद यादव ने बताया कि जिन सीटों पर राजद बेहतर स्थिति में रहा है, वहां निचले स्तर तक राजद अभियान चलाया जायेगा।  25 सीटों पर राजद की सक्रियता बढ़ाई जाएगी। अभय कुमार सिंह ने कहा कि तेजस्वी यादव ने राजद के वरिष्ठ नेताओं के साथ विशेष बैठक की है। वह हर महीने के तीसरे रविवार व सोमवार को रांची में रहेंगे। यहां वह झारखंड में राजद की गतिविधियों की समीक्षा करेंगे और समस्याओं का निपटारा करेंगे। तेजस्वी यादव ने कहा है कि जहां राजद का दावा बनता है, वहां गांव के स्तर तक पार्टी अपनी मजबूत स्थिति बनाएगा। 

झारखंड में एक विधायक 
राजद का एक विधायक वर्तमान में झारखंड विधानसभा में हैं। विधायक सत्यानंद भोक्ता को राज्‍य सरकार में मंत्री पद प्राप्‍त है। अगर झारखण्ड में पार्टी का जनाधार होता है तो इसका लाभ पार्टी को आने वाले चुनाव में हो सकता है। राज्‍य की सत्ता में भी राजद की भागीदारी इसी अनुपात में सुनिश्चिति हो होगी।