द फ़ॉलोअप टीम, डेस्क :
विनिसियस जूनियर के दो गोल की बदौलत रियाल मैड्रिड ने चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले चरण में मंगलवार को लिवरपूल को 3-1 से शिकस्त दी। ब्राजील के विनिसियस उम्मीदों पर खरे उतरे और उन्होंने क्लब की ओर से पहली बार किसी मैच में दो गोल दागे। विनिसियस के अलावा मार्को असेन्सियो ने भी मैड्रिड की टीम की तरफ से एक गोल दागा। लिवरपूल की ओर से एकमात्र गोल मोहम्मद सालाह ने दूसरे हाफ में किया। इस जीत की बदौलत मैड्रिड ने दो साल के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए।
फोडेन ने 90वें मिनट में गोल दागकर मैनचेस्टर सिटी की पहले चरण में की जीत सुनिश्चित
इसके अलावा फिल फोडेन के गोल की बदौलत मैनचेस्टर सिटी ने चैंपियन्स लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबले के पहले चरण में मंगलवार को यहां बोरूसिया डोर्टमंड को 2-1 से हराया। फोडेन ने 90वें मिनट में गोल दागकर मैनचेस्टर सिटी की पहले चरण में जीत सुनिश्चित की। एर्लिंग हालांड डोर्टमंड की ओर से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। उन्होंने हालांकि कप्तान मार्को रुइस के गोल में मदद की जिससे डोर्टमंड ने केविड डि ब्रून के गोल से पिछड़ने के बाद बराबरी हासिल की थी।