द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
विजय हजारे ट्रॉफी में गुरुवार को शॉ स्ट्रोम आया। रनों की ऐसी बारिश हुई कि पूरा क्रिकेट जगत हैरान रह गया। लंबे वक्त से आउट ऑफ फॉर्म और वेटिंग फॉर टीम इंडिया चल रहे पृथ्वी शॉ ने मुंबई की तरफ से खेलते हुये नाबाद 227 रन ठोक डाले। बड़ी बात ये है कि इनमें से 154 रन केवल चौके और छक्कों की बदौलत आये हैं। इस आतिशी पारी के दौरान पृथ्वी शॉ ने 31 चौके और पांच छक्के लगाये। दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे सूर्यकुमार यादव ने भी पुदुचेरी के गेंदबाजों को खूब रुलाया। सूर्यकुमार यादव ने महज 50 गेंद में सैकड़ा जड़ दिया। सूर्यकुमार यादव 58 गेंद में 22 चौके और 4 छक्के की मदद से 133 रन बनाकर आउट हुये। हालांकि, सुर्खियां केवल और केवल पृथ्वी शॉ ने बटोरी है।
दोहरे शतक के साथ पृथ्वी शॉ ने बनाये कई रिकॉर्ड
पृथ्वी शॉ ने इस पारी की बदौलत कई रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिये हैं। पृथ्वी शॉ विजय हजारे ट्रॉफी के इस मैच में मुंबई की कप्तानी कर रहे थे इसलिए, बतौर कप्तान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड उन्होंने अपने नाम कर लिया। इससे पहले ये रिकॉर्ड अफ्रीकी खिलाड़ी ग्रीम पोलॉक के नाम था जिन्होंने बतौर कप्तान 222 रन बनाये थे। केवल भारत की बात की जाये तो पृथ्वी शॉ ने बतौर कप्तान सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा।
वीरेंद्र सहवाग ने बतौर कप्तान इंदौर में वेस्टइंडीज के खिलाफ 219 रनों की पारी खेली थी। लिस्ट में तीसरा नाम हिटमैन रोहित शर्मा का है जिन्होंने मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ बतौर कप्तान 208 रन बनाये थे।
बतौर कप्तान लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर
विजय हजारे ट्राफी के इतिहास में भी पृथ्वी शॉ ने सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इससे पहले ये रिकॉर्ड संजू सैमसन के नाम था जिन्होंने 212 रनों की पारी खेली थी। विजय हजारे ट्राफी में युवा यशस्वी जायसवाल ने भी दोहरा शतक ठोका है। पृथ्वी शॉ की इस पारी की हर तरफ चर्चा है। बता दें कि पृथ्वी शॉ इसी साल जनवरी में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए ऑस्ट्रेलिया गई टीम इंडिया का हिस्सा थे। शुरुआती मैच में उन्हें ओपनिंग का मौका मिला लेकिन वे मौके को भुना पाने में नाकामयाब रहे थे।
पृथ्वी शॉ इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलते हैं। पृथ्वी शॉ की इस पारी से जहां उनकी फ्रेंचाइजी दिल्ली कैपिटल्स खुश होगी वहीं भारतीय चयनकर्ता भी पृथ्वी शॉ को टीम इंडिया में शामिल करने के बारे में सोचेंगे।