logo

24 घंटे में अपराधियों को गिरफ्तार करे पुलिस, वरना होगा उग्र आंदोलन- भाजपा

13093news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची
ओरमांझी में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के रांची ग्रामीण जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा की गोली मारकर हत्या पर प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश हेमंत सरकार पर जमकर भड़के, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को टारगेट कर निशाना बनाया जा रहा है। हेमन्त सरकार में कानून व्यवस्था चौपट हो चुका है। उन्होंने कहा कि हत्या में संलिप्त दोषियों को यथाशिघ्र गिरफ्तार करे अन्यथा भाजपा गिरते कानून - व्यवस्था पर आंदोलन करेगी, उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से अपराधियों ने जिलाध्यक्ष जीतराम मुंडा को घेर कर गोली मारी है उससे साफ हो गया है कि अपराधियों में डर समाप्त हो चुका है। यहां अपराधियों का बोलबाला है। अपराधी कानून व्यवस्था से ऊपर उठ चुके हैं। इस घटना में घायल ओरमांझी मंडल के मीडिया प्रभारी राज किशोर साहू के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

मामले की जांच कराएं और प्रशासनिक चूक सार्वजनिक करें
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने अर्जुन मुंडा ने इस घटना को पूरी तरह प्रशासनिक विफलता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि जीतराम जी को पहले से ही जानलेवा हमले की आशंका थी। उन पर पहले भी हमला हो चुका था। इसकी सूचना पूरे प्रशासनिक अमले को थी। उन्होंने आर्म लाइसेंस के लिए भी आवेदन दिया था, लेकिन, प्रशासन ने न तो उन्हें सुरक्षा उपलब्ध करायी और न ही आर्म्स लाइसेंस दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस पूरे मामले की जांच कराएं और इस मामले में हुई प्रशासनिक चूक को सार्वजनिक करें।


रघुवर दास ने की कड़ी निंदा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा जी की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अपराधियों का राज हो गया है। हेमंत सरकार राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी चरमरा गई है। राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न हो गई है। झारखंड में आज न तो आदिवासी सुरक्षित है, न ही बच्चियां सुरक्षित है। सरकार का मंत्री-विधायक, अधिकारी सभी तुष्टिकरण की राजनीति में लगे हुए हैं। बाकी जनता की किसी को परवाह नहीं है। ऐसी स्थिति में भी सरकार अपनी पीठ ठोकने के अलावा दूसरा काम नहीं कर रही है। भाजपा अनुसूचित जनजाति जिला मोर्चा अध्यक्ष जीतराम मुंडा जी की हत्या अपराधियों के बढ़े मनोबल को दिखाता है। इस घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। भाजपा कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। राज्य की इस अक्षम सरकार को उखाड़ फेकेंगे। जीतराम मुंडा जी का बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।

भाजपा व्यापक आंदोलन करेगी
वहीं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने इस घटना के बाद कहा कि झारखंड में अब कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज बची नहीं है। ओरमांझी में सरेशाम हत्या से प्रशासनिक अकर्मण्यता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करे, अन्यथा भाजपा व्यापक आंदोलन करेगी।

राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
सांसद संजय सेठ ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा  के ग्रामीण जिलाध्यक्ष जितराम मुंडा की अपराधियों द्वारा  हत्या की घटना की कड़ी शब्दों में निंदा की है। ज्ञात हो कि जितराम मुंडा भाजपा द्वारा आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम में भाग लेकर वापस लौट रहे थे । ओरमांझी  के पालू स्थित एक होटल के समीप अपराधियों द्वारा गोली मारकर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। सांसद सेठ ने कहा राज्य में अपराधियों का राज कायम हो गया है।  यहां कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है ।अपराधी प्रशासन को ठेंगा दिखा कर अपराध कर रहे हैं।  राज्य में  कोई भी सुरक्षित नहीं है। इस राज्य में ना तो जज, पत्रकार, व्यापारी, सहित सभी वर्ग अपराधियों से त्रस्त है। राज्य में माफिया राज कायम है। सांसद संजय  सेठ ने  सरकार और प्रशासन से 24 घंटे में हत्यारों को गिरफ्तार करे।

सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे मेदांता अस्पताल
घटना के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर,प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू,प्रदीप वर्मा, सुबोध सिंह गुड्डू, सूरज चौरिसिया, आरती कुजूर, अशोक बड़ाईक, सुरेंद्र महतो, पवन साहू, किसलय तिवारी, आरती कुजूर,रामकुमार पाहन, रंजीत चन्द्रवंशी, ललित ओझा, अर्जुन सिंह, रूपेश सिन्हा, जेलेन्द्र कुमार, नरेंद्र कुमार, प्रभुदयाल बड़ाईक समेत सैकड़ो भाजपा नेता  अस्पताल पहुंचे। जहां घटना की जानकारी ली और घायल ओरमांझी मंडल के मीडिया प्रभारी राज किशोर साहू से मुलाकात की। साथ ही जीतराम मुंडा के परिजनों का ढाढस बंधाया।