logo

अर्टिगा में बैठकर ऑनलाइन जुआ खिला रहे गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 1.18 लाख नकद समेत मोबाइल जब्त

अर्टिगा में बैठकर ऑनलाइन जुआ खिला रहे गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 1.18 लाख नकद समेत मोबाइल जब्त

जमशेदपुर:

जमशेदपुर (Jamshedpur) के एमजीएम थाना पुलिस (MGM Police Station) ने ऑनलाइन जुआ और सट्टा संचालित (Online gambling and betting) करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए 3 युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मानगो के उलीडीह निवासी विकास कुमार महतो, मुखियाडांगा के रहने वाले रोहित कुमार गुप्ता उर्फ सेठबाज उर्फ बिट्टू और बोड़ाम के दीमुडीह निवासी कृष्णा कर्मकार के रूप में हुई है। पुलिस (Jamshedpur Police) ने इनके पास से 1,18,490 रुपये नकद, 2 आईफोन समेत 4 मोबाइल, 1 अर्टिगा कार, सोने-चांदी के आभूषण और जुए का हिसाब-किताब लिखी कॉपी बरामद की है। सभी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रियाा की जा रही है।

सुनसान जगह कार खड़ी कर खेल रहे थे जुआ
ग्रामीण एसपी शुभम खंडवाल ने बताया कि पुलिस ने सिमुलडांगा स्थित एनएच-33 के किनारे एक सुनसान स्थान पर खड़ी अर्टिगा कार संख्या JHO5EG-6135 से तीनों आरोपियों को पकड़ा। तीनों कार के अंदर मोबाइल फोन के जरिये ऑनलाइन लिंक से जुआ खेला रहे थे और उसका हिसाब-किताब कॉपी में दर्ज कर रहे थे। गश्ती के दौरान पुलिस की नजर सुनसान स्थान पर खड़ी उक्त कार पर पड़ी। संदेह के आधार पर जांच की गयी तो उसमें तीन युवक मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन जुआ का संचालन करते और उसका स्कोर व लेन-देन कॉपी में दर्ज करते मिले। 

ऑनलाइन जुआ खिलाकर अवैध कमाई करते थे
पूछताछ में आरोपियों ने आईडी-पासवर्ड के माध्यम से ऑनलाइन जुआ खिलाने और उससे अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, तीनों संगठित तरीके से इस गतिविधि में जुड़े थे। बरामद नकदी में विकास कुमार महतो के पास से 97,920 रुपये, कृष्णा कर्मकार के पास से 10,570 रुपये और रोहित गुप्ता के पास से 10,000 रुपये मिले हैं।

बैंक और यूपीआई लेन-देन के साक्ष्य भी मिले हैं
पुलिस के अनुसार, जब्त मोबाइल फोन में ऑनलाइन जुआ, सट्टा और आईपीएल गेम खेलने-खिलाने वाले गिरोह से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। मोबाइल में बैंक और यूपीआई लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी मिले हैं, जिनके आधार पर ऑनलाइन जुए के कारोबार में हुए वित्तीय लेन-देन की जांच की जा रही है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य लोगों और गिरोह के सरगना तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।

Tags - Jharkhand NewsJamshedpur NewsOnline gambling and bettingJamshedpur PoliceJharkhand Crime News