द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: राजधानी रांची के हरमू स्थित पार्क में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोतने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक नाबालिग लड़के को पकड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने प्रतिमा पर कालिख पोतने से पहले हरमू पार्क के पास इमली पेड़ के नजदीक स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी (Instagram ID) लिखी थी। इसी इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर पुलिस उसकी पहचान करने में जुट गयी। जांच के दौरान पुलिस आरोपी तक पहुंची और मंगलवार को उसे हेहल इलाके से पकड़ा। जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़के ने पहले स्प्रे से अपनी इंस्टाग्राम आईडी लिखी।

आईफोन खरीदने की जिद्द
इसके बाद उसी स्प्रे का इस्तेमाल करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोत दी। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया ब्लैक स्प्रे का डब्बा और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस आरोपी के व्यवहार और घटना के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस जांच के दौरान यह भी पता चला कि उसके परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। इसके बावजूद नाबालिग ने आईफोन (iPhone) खरीदने की जिद्द की थी। परिजनों के अनुसार, फोन नहीं दिलाने पर गलत कदम उठाने की धमकी दी थी। इसके बाद डर के कारण परिवार ने जमीन बेचकर उसे आईफोन दिलाया था।
.jpeg)
पुलिस ने बाल सुधार गृह भेज दिया
पुलिस ने आरोपी के नाबालिग होने के कारण उसे बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रक्रिया के तहत बाल सुधार गृह (Juvenile Correctional Home) भेज दिया है। पुलिस घटना के दौरान आरोपी की गतिविधियों और उसके सोशल मीडिया (Social Media) अकाउंट से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है। गौरतलब है कि 27 सितंबर की देर शाम काले रंग के स्प्रे से हरमू पार्क में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रतिमा के चेहरे पर कालिख पोती थी। जिसके बाद इस मामले को लेकर बीजेपी (BJP) ने अरगोड़ा थाना में FIR दर्ज करायी थी।