logo

IPL 2021: रविचंद्रन अश्विन ने छोड़ा दिल्ली कैपिटल्स का साथ, बताई ये बड़ी वजह

7770news.jpg
द फॉलोअप टीम, चेन्नई:

इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से खेलने वाले ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। रविवार देर रात ट्वीट कर रविचंद्रन अश्विन ने इस बात की जानकारी दी। रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में परिवार को उनकी जरूरत है। वे परिवार के साथ रहकर उनको सपोर्ट करना चाहते हैं इसलिए टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया। अश्विन ने लिखा कि यदि स्थितियां सामान्य होती है तो वे टूर्नामेंट में लौटेंगे। 

अश्विन ने रविवार को खेला था पिछला मुकाबला
अश्विन ने इस टूर्नामेंट में अपना पिछला मुकाबला रविवार को ही खेला था। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। अश्विन का टूर्नामेंट से हटने का फैसला करना वाकई फ्रेचाइजी के लिए झटका होगा। कहा जा रहा है कि खिलाड़ी लंबे समय तक बायो बबल में रहने की वजह से मानसिक रूप से तनाव में हैं। भारत में कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति ने खिलाड़ियों के तनाव में इजाफा किया है। पहले भी कई खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। 

देश में जारी है कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर
इस वक्त देश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर जारी है। बीते दो सप्ताह में कोरोना संक्रमितों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है। संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा भी काफी बढ़ा है। महेंद्र सिंह धोनी के माता-पिता भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति का गहरा असर खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ता है। अश्विन से पहले राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कुछ खिलाड़ियों ने भी टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। 

एडम जंपा और केन रिचर्डसन आईपीएल से बाहर
रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु की फ्रेंचाइजी ने भी ट्वीट कर जानकारी दी है कि उनकी टीम के दो खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। एडम जंपा और केन रिचर्डसन ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि ये दोनों खिलाड़ी व्यक्तिगत कारणों से इस सीजन के बाकी बचे मैचों के लिए अनुपलब्ध रहेंगे। राजस्थान रॉयल्स में शामिल ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी एंड्रयू टाय ने भी टूर्नामेंट छोड़ने का फैसला किया। एंड्रयू टाय ने एक इंटरव्यू में कहा कि भारत में कोरोना संक्रमण की ताजा स्थिति इसकी बड़ी वजह है। यहां यात्रा प्रतिबंध लगाया जा सकता है। महीनों तक होटल में बंद रहना संभव नहीं। ये वक्त परिवार के साथ समय बिताने का है। 

28 मई तक खेला जाएगा इंडियन प्रीमियर लीग
गौरतलब है कि इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन की शुरुआत 9 अप्रैल से हुई थी। इस सीजन कुछ ही स्टेडियम में मैच खेलने की अनुमति दी गयी है। मुकाबले वानखेड़े, एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए। टूर्नामेंट के बाकी बचे मुकाबले अहमदाबाद, दिल्ली और कोलकाता में खेले जाएंगे। अभी तक का टूर्नामेंट अच्छा बीता है। सीएसके की टीम प्वॉइंट्स टेबल में नंबर एक पर है। बेंगलुरु दूसरे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स तीसरे स्थान पर काबिज है।