logo

India Corona Update: देश में लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड 2 लाख से ज्यादा कोरोना मरीज, 1 हजार 185 की मौत

7433news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

भारत में कोरोना संक्रमण के नये मामले रोज नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या चिंताजनक है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में देश में 2 लाख 17 हजार 353 नये मरीज मिले हैं। इस बीच 1 हजार 185 लोगों की मौत हो गयी। देश में अब तक कोरोनावायरस से 1 करोड़ 42 लाख 91 हजार 917 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 1 लाख 74 हजार 308 लोगों ने अपनी जान गंवाई है। 

महाराष्ट्र सहित इन राज्यों में हालात बेकाबू
भारत में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित राज्यों में दिल्ली, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्य हैं। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में 16 हजार 699 नये कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। इस बीच यहां 112 लोगों की मौत हो गयी। महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में 61 हजार 695 मरीज मिले हैं और 349 लोगों की मौत हो गयी। बिहार में पिछले 24 घंटे में 6 हजार 133 नये मरीज मिले और 24 लोगों की मौत हो गयी। बिहार में कोरोना की वजह से अब तक 1 हजार 675 लोगों की मौत हो चुकी है। 

पश्चिम बंगाल में बढ़ गये हैं कोरोना के केस
पश्चिम बंगाल में बीते 24 घंटे में 6 हजार 769 नये कोरोना मरीज मिले हैं। मध्य प्रदेश में इसी अवधि में 10 हजार 166 नये मरीज मिले हैं। इस बीच मध्य प्रदेश में 53 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी। छत्तीसगढ़ में बीते 24 घंटे में 15 हजार 256 मरीज मिले हैं। राजस्थान, हरियाणा, उड़ीसा औऱ हरियाणा जैसे राज्यों का हाल भी बुरा है। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर को कोरोना
पूर्व केंद्रीय मंत्री और शिरोमणि अकाली दल की नेता हरसिमरत कौर कोरोना पॉजिटिव पायी गयी हैं। हरसिमरत कौर ने ट्वीट करके अपने कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी दी है। उन्होंने अपील की है कि जो लोग भी बीते कुछ दिनों में उनके संपर्क में आये हैं वे अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला भी कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। 

इसी महीने भारत आयेगी स्पूतनिक वी वैक्सीन
इस बीच भारत में वैक्सीनेशन प्रोग्राम भी काफी तेजी के साथ चलाया जा रहा है। भारत में टीका उत्सव मनाया जा रहा है जिसके तहत कैंप लगाकर लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा रही है। भारत में फिलहाल भारत बायोटैक द्वारा निर्मित कोवैक्सीन और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा निर्मित कोविशील्ड का वैक्सीन लोगों को दिया जा रहा है। रूस में भारत के राजदूत बाला वेंकटेश ने बताया कि इसी महीने रूसी कोरोना वैक्सीन स्पूतनिक वी भारत आ जायेगी।