logo

मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने सीएम को लिखी चिट्ठी, धान खरीद की अवधि बढ़ाने का किया अनुरोध

8110news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड के पेयजल और स्वच्छता मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चिट्ठी लिखी है। मिथिलेठ ठाकुर ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि गढ़वा और पलामू जिला में भारतीय खाद्य निगम द्वारा धान क्रय की समय सीमा 30 जून तक बढ़ा दी जाये। जानकारी के मुताबिक फिलहाल इसकी सीमा 30 अप्रैल तक ही निर्धारित की गयी थी। 

गढ़वा और पलामू में नहीं हुई धान की खरीद
जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर तथा तकनीकी कारणों से गढ़वा और पलामू जिला में महज 35 फीसदी धान की ही खरीद हो पायी है। बाकी का धान अभी भी गोदामों में रखा है। मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री को लिखा कि गढ़वा और पलामू जिला में खेती ही मुख्य रूप से आजीविका का साधन है। किसानों के पास आय का दूसरा कोई साधन नहीं है। विगत वर्ष भी धान की पैदावार अच्छी हुई थी लेकिन बिक्री नहीं हो पाने की वजह से किसानों को इसका लाभ नहीं मिला। 

समय सीमा बढ़ाने से किसानों को मिलेगा लाभ
मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि किसानों ने खून-पसीना बहाकर अनाज उगाया है। खरीद की समय सीमा नहीं बढ़ाई गयी तो किसानों को उनकी हकदारी का भुगतान नहीं हो पायेगा। मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि पिछले साल भी धान की पैदावार संतोषजनक रही थी। मंत्री ने मांग की है कि गढ़वा और पलामू जिला में भारतीय खाद्य निगम द्वारा धान खरीद की समय सीमा बढ़ाया जाना चाहिए।