द फॉलोअप डेस्क
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने मुख्यमंत्री आवास के समीप शराब की बोतल मिलने की घटना को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने कहा कि आखिर इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास के पास शराब की बोतल कैसे पहुंच गई।

“विधानसभा से लेकर सरकारी दफ्तरों तक मिल रही शराब”
रोहिणी आचार्या ने तंज कसते हुए कहा कि कहीं ऐसा तो नहीं कि अवैध शराब कारोबारियों की पहुंच सीधे मुख्यमंत्री आवास तक हो गई है। उन्होंने यह भी पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री आवास के समीप बैठकर शराब पीने की हिम्मत कौन कर रहा है। रोहिणी आचार्या ने अपने बयान में कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कभी उच्च सुरक्षा वाले विधानसभा परिसर में शराब की बोतल मिलती है, तो कभी मंत्रियों और अधिकारियों के सरकारी कार्यालयों के गलियारों में। अब मुख्यमंत्री आवास के आसपास शराब की बोतल मिलना इस बात का संकेत है कि राज्य में शराब की उपलब्धता पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार का शायद ही कोई ऐसा इलाका बचा हो, जहां शराब आसानी से उपलब्ध न हो।

“सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहा अवैध कारोबार”
उन्होंने दावा किया कि बिहार में अब आम लोगों के बीच यह धारणा बन चुकी है कि अवैध शराब कारोबारियों का रसूख सरकार और प्रशासन से भी ज्यादा मजबूत हो गया है। उन्होंने कहा कि शराब का अवैध कारोबार सत्ता और प्रशासन के संरक्षण में फल-फूल रहा है, जबकि सरकार शराबबंदी को सफल बताने के दावे कर रही है। रोहिणी आचार्या ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शराबबंदी को लेकर किए जा रहे दावे केवल बयानबाजी और शगूफाबाजी बनकर रह गए हैं।