द फॉलोअप टीम, डेस्क:
भारत और इंग्लैंड के बीच तीसरा टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान में खेला जा रहा है। तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन मैदान में अजीब वाकया हुआ। मौका था भारतीय टीम की बल्लेबाजी का। रोहित शर्मा 59 रन बनाकर पगबाधा आउट हो गये। वे पवेलियन लौटे और नंबर-4 के बल्लेबाज ने मैदान पर कदम रखा। लेकिन, उस बल्लेबाज को ग्राउंड स्टाफ और स्टेडियम के सिक्योरिटी गार्ड्स ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। लेकिन ऐसा क्यों किया।

कप्तान कोहली की जगह कौन बल्लेबाजी के लिए आय़ा
रोहित शर्मा के आउट होने के बाद अगला नंबर कप्तान विराट कोहली का था। मैदान में उन्हीं को आना था। क्या कोई किंग कोहली को जबरन मैदान से बाहर निकाल सकता है। जाहिर है कि रोहित के आउट होने के बाद पैडअप होकर मैदान में घुसा खिलाड़ी कप्तान कोहली नहीं थे। तो फिर ये कौन सा खिलाड़ी है जिसने अचानक से डेब्यू कर लिया। इसकी जर्सी पर लिखा था जार्वो। जर्सी नंबर था 69। आखिर कौन है ये बंदा। दरअसल, ये ब्रिटिश नागरिक है। खुद को टीम इंडिया का फैन बताता है। भारत के हर टेस्ट मैच में भारत की ऑफिशियल जर्सी पहनकर स्टेडियम में आता है।

इंग्लिश फैन जार्वो ने मैदान में फन मूवमेंट क्रिएट किया
गौरतलब है कि तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 59 रन बनाकर खराब अंपायरिंग की वजह से पवेलियन लौट गये। कप्तान कोहली को बतौर नंबर-4 बल्लेबाज मैदान में आना था। इसमें समय लगता है। इसी दरम्यान जार्वो भाई साहब मैदान में घुस आये। बकायदा हेलमेट और पैड पहनकर। कोरोना को लेकर जागरूक भी दिखे। हेलमेट के अंदर मास्क भी लगा रखा था। जार्वो सीधा पिच पर पहुंचा और स्टांस लेने लगा। इस दरम्यान पिच पर मौजूद चेतेश्वर पुजारा और इंग्लैंड टीम के खिलाड़ी मुस्कुराते हुए उनको देखते रहे। इस बीच सिक्योरिटी गार्ड्स आये और जार्वो को मैदान से बाहर ले गये। इस दौरान जार्वो सिक्योरिटी गार्ड्स से कहते रहे कि उन्होंने इंडिया की जर्सी पहनी है। उनको बल्लेबाजी करने दिया जाये। बाद में कप्तान कोहली ने मैदान में कदम रखा।
India's new No.4????????? #ENGvINDpic.twitter.com/1yCzN9pAzG
— CricTracker (@Cricketracker) August 27, 2021
दूसरे टेस्ट मैच में भी मैदान में घुस आया था जार्वो 69
ये पहला मौका नहीं है जब जार्वो ने ऐसा किया हो। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में भी जार्वो घुस आये थे। उस समय भारतीय टीम फील्डिंग कर रही थी। जार्वो मैदान में घुसे और भारतीय खिलाड़ियों के लिए फील्डिंग सेट करने लगे। रहाणे और रविंद्र जडेजा को कहा कि वे अपने निर्धारित स्थान पर जायें। जब सिक्योरिटी स्टाफ ने उनको आकर पकड़ा तो टीम इंडिया की जर्सी दिखाने लगे जो उन्होंने पहन रखा था। आखिरकार सिक्योरिटी गार्ड ने उनको बाहर निकाला।

रोहित-कोहली-पुजारा ने संभाली भारतीय बल्लेबाजी
आखिर में बात कर लेते हैं मैच की। पहली पारी में भारतीय बल्लेबाजी काफी शर्मनाक रही। टीम केवल 78 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। दो बल्लेबाज ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाये। इंग्लैंड ने बड़ी बढ़त हासिल कर ली है। हालांकि दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजी काफी बदली नजर आई। केएल राहुल को छोड़ टॉप ऑर्ड़र के बाकी बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। रोहित शर्मा 59 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि उनका डिस्मिसल विवादास्पद है। कप्तान कोहली अभी 45 रन बनाकर खेल रहे हैं। चेतेश्वर पुजारा 91 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं। हालांकि अभी भी हार का खतरा है।