logo

T20 वर्ल्ड कप के लिए चुने जाने पर ईशान किशन ने बचपन के दोस्त से क्या कहा, पढ़िए! 

12664news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

बीसीसीआई ने टी 20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। 15 सदस्यीय टीम की कप्तानी विराट कोहली को सौंपी गई है। उप-कप्तान रोहित शर्मा होंगे। झारखंड के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को भी टीम इंडिया में शामिल किया गया है। ये ईशान किशन का पहला वर्ल्ड कप होगा। गौरतलब है कि ईशान किशन ने इंग्लैंड के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज से डेब्यू किया था। ईशान किशन का वर्ल्ड कप टीम में चयन होने पर झारखंड के युवा क्रिकेटरों में काफी उत्साह है। युवा क्रिकेटरों ने ईशान किशन के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त की और अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद जताई। 

हरमू यूथ क्रिकेट क्लब के युवा खिलाड़ियों में खुशी
टी 20 विश्व कप के लिए ईशान किशन का चयन होने पर हरमू यूथ क्रिकेट क्लब के युवा खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त की। युवा खिलाड़ियों ने कहा कि ईशान किशन का विश्व कप में होना ना केवल उनके लिए बल्कि पूरे झारखंड के लिए गर्व का विषय है। ईशान किशन विस्फोटक बल्लेबाज हैं और इसका फायदा टीम को मिलेगा क्योंकि वे तेजी से रन बनाने में सक्षम है। युवा खिलाड़ियों ने कहा कि ईशान भैया के चयन से हमें भी काफी प्रेरणा मिलेगी। हम और मेहनत करेंगे ताकि धोनी की परिपाटी को आगे ले जा सकें। धोनी को मेंटर बनाए जाने पर भी युवा खिलाड़ियों ने खुशी व्यक्त की। कहा कि धोनी के अनुभव का फायदा टीम को मिलेगा। कई खिलाड़ियों ने ईशान किशन से अपनी मुलाकात का किस्सा भी शेयर किया। कहा कि ईशान किशन ने उनको बल्लेबाजी को लेकर कई सारे टिप्स दिए। फील्ड में कैसे धैर्य रखना है ये भी बताया। 

ईशान किशन के दोस्त सत्यम ने बताई दिलचस्प बातें
हरमू यूथ क्रिकेट क्लब के कोच और ईशान किशन के बचपन के दोस्त सत्यम ने कहा कि ईशान किशन को चयन की उम्मीद थी। उन्होंने टीम का चयन होने से पहले और बाद में भी उनसे बात की थी। ईशान किशन चयन से काफी खुश हैं और टीम में उनको जो भी भूमिका सौंपी जाएगी उसको निभाने के लिए तैयार हैं। सत्यम ने कहा कि ईशान मेरे बचपन का दोस्त है। उसे बतौर क्रिकेटर आगे बढ़ते देखना और अब वर्ल्ड कप टीम में चयनित होते देखना खुशी और गर्व का बात है। सत्यम ने कहा कि विश्व कप में ईशान किशन अच्छा प्रदर्शन करेंगे इसका पूरा भरोसा है। 

धोनी की निगरानी में टीम पक्का वर्ल्ड कप जीतेगी! 
हरमू यूथ क्रिकेट क्लब के सेक्रेटरी और झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन की मैनेजमेंट कमिटी के सदस्य संजय पांडेय ने वर्ल्ड कप खेलने जा रही टीम इंडिया का मेंटर बनाए जाने पर महेंद्र सिंह धोनी को बधाई दी। संजय पांडेय ने कहा कि व्हाइट बॉल क्रिकेट में धोनी ना केवल इंडिया बल्कि विश्व के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं। उन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को 2007 का टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप, 2011 का एकदिवसीय वर्ल्ड कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी दिलाई। व्हाइट बॉल क्रिकेट में उनके अथाह अनुभव का फायदा वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को मिलेगा। टीम इस बार पक्का ट्रॉफी जीतेगी। संजय पांडेय ने ईशान किशन के चयन पर कहा कि वो युवा हैं। उनकी खासियत है कि वो बिंदास हैं और उसी अंदाज में खेलते हैं। वे कभी भी मैच का पासा पलट सकते हैं। जरूरत के मुताबिक तेज या धीमी पारी खेल सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने लंबे समय से ईशान किशन को खेलते देखा है। धोनी की निगरानी में वे और निखरेंगे। 

युवा और अनुभव को बेजोड़ मेल है टीम इंडिया स्क्वाड
टीम इंडिया की कप्तानी नियमित कप्तान विराट कोहली को ही सौंपी गई है। रोहित शर्मा उपकप्तान होंगे। टीम में टीम में इन 2 दिग्गजों के अलावा केएल राहुल, सूर्यकुमार यादव, ईशान किशन, ऋषभ पंत विशेषज्ञ बल्लेबाज हैं। हार्दिक पांड्या भी मुख्य रूप से बतौर बल्लेबाज ही खेलेंगे। टीम में तीन तेज गेंदबाज हैं। इसमें हालिया फॉर्म के साथ-साथ अनुभव को भी प्राथमिकता दी गई है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और भुवनेश्वर कुमार तीन प्रमुख तेज गेंदबाज हैं। हार्दिक पांड्या तेज गेंदबाजी में चौथे विकल्प हैं। रविंद्र जडेजा, अनुभवी रविचंद्रन अश्विन, अक्षर पटेल और वरूण चक्रवर्ती स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। चूंकि टूर्नामेंट यूएई में खेला जा रहा है जहां उपमहाद्वीप जैसा माहौल होता है। वहां की पिच स्पिनर्स के मुफीद हैं, यही वजह है कि 4 स्पिनर्स को शामिल किया गया है।