द फॉलोअप टीम, रांची:
आईसीसी ने टी ट्वेंटी विश्व कप की तारीखों का एलान कर दिया है। टी ट्वेंटी विश्व कप 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच खेला जाएगा। टूर्नामेंट संयुक्त अरब अमीरात और ओमान के अलग-अलग स्टेडियम में खेला जायेगा। सुपर-12 टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। इन टॉप बारह टीमों को दो ग्रुपों में बांटा जायेगा। इनमें से आईसीसी टी ट्वेंटी रैकिंग में टॉप-8 टीमें सीधे क्वालीफाई कर चुकी हैं। बाकी की 4 टीमों का फैसला क्वालीफायर्स के जरिए किया जाएगा।
सुपर-12 में होगा भारत और पाकिस्तान का मुकाबला
आईसीसी ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि टूर्नामेंट में सुपर-12 की बाकी 4 टीमों का चयन करने के लिए फर्स्ट राउंड का मैच खेला जाएगा। इसमें ग्रुप ए में श्रीलंका, आयरलैंड, नीदरलैंड और नामिबीया है। वहीं ग्रुप बी में बांग्लादेश, स्कॉटलैंड, पापुआ न्यू गिनी और ओमान है। इन दोनों ग्रुप में से 2-2 टीमों सुपर-12 के लिए क्वालीफाई करेंगी। सुपर-12 के सभी मैच अबुधाबी, दुबई और शारजाह में खेले जाएंगे। गौरतलब है कि 19 सितंबर से इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के बचे हुए मैच भी संयुक्त अरब अमीरात में खेले जाएंगे। फाइनल 14 अक्टूबर को होगा।
आईसीसी ने भारत औऱ पाकिस्तान को एक ग्रुप में रखा
सुपर-12 टीमों को भी दो ग्रुप में बांटा गया है। इसमें गुप बी में भारत, पाकिस्तान, न्यूजीलैंड और अफगानिस्तान सहित क्वालीफायर्स में चयनित 2 टीमों को रखा जायेगा। ग्रुप ए में वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका सहित क्वालीफायर्स में चयनित 2 टीमों को रखा जाएगा। आईसीसी ने जानकारी दी है कि इन ग्रुपों को 20 मार्च की अंतर्राष्ट्रीय रैकिंग के आधार पर चुना गया था। गौरतलब है कि आईसीसी टी ट्वेंटी 2020 की मेजबानी भारत को करनी थी लेकिन भारत में कोरोना महामारी की दूसरी लहर से उपजे हालात की वजह से ऐसा नहीं किया जा सका।
17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच खेला जाएगा विश्व कप
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आईसीसी ने टी ट्वेंटी विश्व कप टूर्नामेंट की शुरुआत साल 2007 में की थी। पहले टी ट्वेंटी विश्व कप का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में किया गया था। ये पहली बार था जब धोनी भारतीय टीम की कमान संभाल रहे थे। भारत ने पाकिस्तान को फाइनल में हराकर पहला खिताब जीता था। दिलचस्प है कि भारत और पाकिस्तान लंबे अर्से बाद दोबारा आमने-सामने होंगे क्योंकि दोनों को एक ही ग्रुप में रखा गया है। भारत और पाकिस्तान पिछली बार 2019 के विश्व कप में भिड़े थे। बता दें कि दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज काफी समय से बंद है।