द फॉलोअप टीम, डेस्कः
हरमनप्रीत कौर भारतीय महिला क्रिकेट की वह स्टार खिलाडी, जिसे शायद ही कोई क्रिकेट फैन ना जानता हो। आपको बता दें कि ऑलराउंडर हरमनप्रीत कौर ने आस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया है। मेलबर्न रेनेगेड्स की खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर महिला बिग बैश लीग (WBBL) की प्लेयर आफ द टूर्नामेंट चुनी गई हैं। हरमनप्रीत कौर इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गईं।

मैच में शानदार प्रदर्शन
हरमनप्रीत कौर ने मेलबर्न की टीम के लिए शानदार क्रिकेट खेली और टूर्नामेंट का आनंद लिया। कौर ने न सिर्फ बल्ले से, बल्कि गेंद से भी कमाल का प्रदर्शन किया। आलराउंडर कौर ने सीजन का अंत 399 रन और गेंद से 15 विकेट लेने के साथ किया। यही कारण है कि उनसे ज्यादा रन और विकेट निकालने वाली खिलाड़ी इस पुरस्कार को हासिल नहीं कर पाईं।
क्या कहीं कौर
प्लेयर आफ द टूर्नामेंट का खिताब हासिल करने के बाद कौर ने अपने बयान में कहा, "मैं बेहद खुश हूं, यह बहुत बड़ी चीज है जिसे मैंने हासिल किया है। मैं अपनी टीम और सभी सहयोगी स्टाफ का बहुत आभारी हूं, उन्होंने मेरा बहुत समर्थन किया है। यह पूरी तरह से एक टीम प्रयास रहा है। मैं बस वही काम कर रही थी, जिसकी टीम को मुझसे आवश्यकता थी।"