logo

टोक्यो ओलंपिक्स में पदक से चूकने पर क्या बोलीं गोल्फर अदिति अशोक, पीएम और राष्ट्रपति ने दी बधाई

11604news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

टोक्यो ओलंपिक्स में भारतीय गोल्फर अदिति अशोक नजदीकी मुकाबले में पदक से चूक गईं। फाइनल राउंड अदिति अशोक ने चौथे स्थान पर खत्म किया। गौरतलब है कि दुनिया की 167वीं वरीयता प्राप्त अदिति अशोक ने शानदार प्रदर्शन किया। तीसरे राउंड तक अदिति दूसरे स्थान पर बनी हुई थीं। इस बीच बारिश और आंधी की वजह से कई बार खेल बाधित हुआ जिससे अदिति की लय टूटी। गौरतलब है कि अदिति अशोक का ये दूसरा ओलंपिक था। रियो ओलंपिक्स में अदिति 41वें स्थान पर रही थीं। 

अदिति अशोक ने किया शानदार प्रदर्शन
रियो ओलंपिक्स में अदिति भले ही पदक से चूक गई हों लेकिन अपने प्रदर्शन से उन्होंने खुद को साबित किया। अदिति फिलहाल केवल 23 वर्ष की हैं। जाहिर है कि उनके पास आने वाले वर्षों में कई मौके बाकी हैं। अदिति ने जिस तरीके का प्रदर्शन किया, उसी से भारत में अधिकांश लोगों को मालूम हो सका कि टोक्यो ओलंपिक्स में गोल्फ की व्यक्तिगत प्रतिस्पर्धा में भारत की भी उपस्थिति थी। ना केवल उपस्थिति थी बल्कि एक समय पदक के भी करीब थे। 

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी बधाई
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अदिति को शानदार प्रदर्शन करने के लिए बधाई दी है। रामनाथ कोविंद ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया। लिखा कि अच्छा खेला अदिति अशोक! भारत की एक और बेटी ने पहचान बनाई। आज के ऐतिहासिक प्रदर्शन से आपने भारतीय गोल्फ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। आपने बेहद शांत और शिष्टता के साथ खेला। धैर्य और कौशल के प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए बधाई। राष्ट्रपति के ये शब्द निश्चित तौर पर मायने रखता है। 

 

खेल मंत्री ने ट्वीट कर अदिति को दी बधाई
केंद्रीय खेलमंत्री अनुराग ठाकुर ने भी ट्वीट कर अदिति अशोक को बधाई दी। लिखा कि ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने वाली भारत की पहली गोल्फर! अदिति अशोक अपने बेहतरीन प्रदर्शन के लिए स्टैंडिंग ओवेशन की हकदार हैं। आपने लगातार अच्छा खेला। हमने अंत तक अपनी सांसे रोक रखी थीं। आपने इतिहास रच दिया है अदिति। 

 

पीएम मोदी ने भी अदिति अशोक को बधाई दी
प्रधानमंत्री मोदी ने भी ट्वीट कर अदिति अशोक को बधाई धी। लिखा कि बहुत बढ़िया अदिति! आपने टोक्यो ओलंपिक्स में जबर्दस्त कौशल और संकल्प दिखाया। एक पदक भले ही छूट गया हो लेकिन आप किसी भी अन्य भारतीय से काफी आगे निकल गई हैं। भविष्य के लिए शुभकामनाएं। हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले वक्त में आप शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगी। 

 

मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की थी- अदिति
गौरतलब है कि मैच के बाद मीडिया से मुखातिब अदिति अशोक ने कहा कि मैंने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की। इसके बावजूद पदक ना मिलना बुरा लगता है। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में चौथे या पांचवे स्थान पर रहना ज्यादा मायने नहीं रखता। यहां हर कोई मेडल के लिए ही आता है। अदिति ने कहा कि ओलंपिक में टॉप-5 या टॉप-10 में होना भी अपने आप में बड़ी बात होती है। यदि कोई चौथे या पांचवे स्थान पर फिनिश करता है तो जाहिर है कि उसमें पदक जीतने की क्षमता होती है। उन्होंने कहा कि जब मैंने गोल्फ खेलना शुरू किया था तो कभी नहीं सोचा था कि ओलंपिक में जाऊंगी।