द फॉलोअप टीम, जबलपुर:
जबलपुर दमौड़ी गांव में एक युवती ने 7 जून को जहर पी लिया था। 13 जून को लड़की की मौत हो गयी। अब सवाल उठता है कि लड़की ने जहर क्यों पिया। दरअसल अफेयर के शक में गायत्री बैगा को उसके पिता ने डांटा था। इस बात से नाराज होकर गायत्री ने जहर खा लिया।
शरीर नीला पड़ गया तो सामने आई सच्चाई
जब उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया तो परिजनों ने डॉक्टरों से झूठ कहा। परिजनों ने उल्टी-दस्त की शिकायत बताकर लड़की को कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती करा दिया। जब जहर ने अपना असर दिखाना शुरू किया तो लड़की का शरीर नीला पड़ने लगा। तब जाकर यह बात खुली। टीआई कुंडम प्रताप सिंह मरकाम के मुताबिक प्रारंभिक जांच में डांटने की बात सामने आई है।
फोन पर बात करते देख पिता ने डांटा भी था
बताया जा रहा है कि 24 वर्षीय गायत्री को उसके पिता ने 7 जून को मोबाइल पर किसी से बात करते देखा था और फिर डांटा था। जिसके बाद उसने कीटनाशक जहर खा लिया। तबियत बिगड़ी तो पिता सुम्मत सिंह उसे विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां परिवारवालों ने डॉक्टरों से झूठ कहा। डॉक्टर ने भी बताए गए लक्षणों के आधार पर उसे कोरोना संदिग्ध वार्ड में भर्ती करा दिया।
लापरवाही से बिगड़ गई लड़की की हालत
युवती का शरीर नीला पड़ गया तब डॉक्टरों को शक हुआ। डॉक्टरों ने परिजनों से पूछा तो मामला सामने आया। तब तक लड़की की हालत काफी बिगड़ चुकी थी। शनिवार को गायत्री की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।