द फॉलोअप टीम, पलामू:
स्वतंत्रता सेनानी नीलकंठ सहाय का 101 वर्ष की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। कुछ दिनों से उनकी तबियत ठीक नहीं थी। मेदिनीनगर के टाउन थाना के पास आवास में उनका निधन हुआ। वह पलामू में एक मात्र जीवित सेनानी थे। उन्होंने अपने पीछे एक पुत्र और तीन पुत्रियां छोड़ी है। उन्होंने भारत छोड़ो आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। शुक्रवार राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश को आजादी दिलाने के लिए 1942 के आंदोलन में नीलकंठ सहाय को 200 लोगों साथ गिरफ्तार किया गया था।
अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे लोग
पलामू में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग नीलकंठ सहाय के शव के अंतिम दर्शन के लिए उनके आवास पहुंच रहे है। पलामू जिला प्रशासन की ओर से मेदनीनगर सदर एसडीओ अजय सिंह बड़ाईक मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर सांत्वना दी। साथ ही आवास पर पलामू डीसी शशि रंजन, एसपी संजीव कुमार, शहर थाना प्रभारी अरुण महथा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिट्टू पाठक, अविनाश वर्मा, इप्टा के उपेंद्र मिश्रा, प्रेम प्रकाश, भाजपा नेता मनोज सिंह, पंकज श्रीवास्तव, शालिनी श्रीवास्तव पहुंचे और श्रद्धा सुमन अर्पित किया!