logo

शोएब अख्तर ने की IPL स्थगित करने की मांग, कहा- मनोरंजन से ज्यादा जिंदगी बचाना जरूरी

7828news.jpg
द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने इंडियन प्रीमियर लीग को फिलहाल स्थगित करने की मांग है। अख्तर ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से एक वीडियो जारी कर कहा है कि इस वक्त भारत की स्थिति काफी खराब है। आईपीएल के बाकी बचे मैचों को स्थगित कर देना चाहिए। जो पैसा टूर्नामेंट में लगने वाला है उसे ऑक्सीजन खरीदने में खर्च करना चाहिए। 

संकट के हालात में नहीं होना चाहिए मनोरंजन
शोएब अख्तर ने कहा कि जब देश में ऐसे हालात हों तो मनोरंजन नहीं करना चाहिए। हमें आईपीएल या पीएसएल नहीं चाहिए। इस पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि इस वक्त मनोरंजन से ज्यादा जरूरी लोगों की जिंदगियां बचाना है। शोएब अख्तर ने कहा कि भारत इस वक्त जल रहा है। आईपीएल के बाकी बचे मैचों को स्थगित कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में जून महीने में होने वाले पाकिस्तान सुपर लीग को भी कुछ समय के लिए टाल देना चाहिए। लोगों की जिंदगी बचाना जरूरी है। 

पाकिस्तान की जनता से की है मदद की अपील
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने एक और वीडियो शेयर किया। उसमें शोएब ने पाकिस्तानी हुकूमत और पाकिस्तानी आवाम से भारत की मदद करने की अपील की है। शोएब अख्तर ने कहा कि हमें भारत का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस वैश्विक समस्या को हल करने के लिए हमें एक दूसरे की सहायता करनी चाहिए। ये वक्त सहयोग और साझेदारी का है। 

कई क्रिकेटरों ने छोड़ दिया है आईपीएल टूर्नामेंट
बता दें कि भारत में कोरोना संकट के बीच इंडियन प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। भारत में रोजाना 3 लाख से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। रोजाना 3 हजार के करीब लोगों की मौत हो रही है। स्थिति नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन सहित कई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों ने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है। एक ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ने कहा कि भारत में लोग हॉस्पिटल में मूलभूत सुविधा के अभाव में मर रहे हैं और फ्रेंचाइजी पानी की तरह पैसा बहा रही है।