द फॉलोअप टीम, डेस्क:
टोक्यो 2020 के आयोजकों ने इस बात की पुष्टि की है कि ओलंपिक खेल गांव में कोरोना का पहला केस मिला है। आयोजन समिति के प्रवक्ता ने कहा, ‘ओलंपिक खेल गांव में एक शख्स है जो पॉजिटिव पाया गया है। यह पहला केस है जो स्क्रीनिंग के समय सामने आया है।’ खबरों की मानें तो पॉजिटिव पाए गए खिलाड़ी को अस्पताल ले जाया गया है। टोक्यो 2020 के सीईओ तोशीरो मुटो ने कहा कि खेलों के आयोजन में शामिल विदेश से आए एक व्यक्ति का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है। गोपनीयता की चिंता का हवाला देते हुए उसकी राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं करेंगें।
गोपनीयता बनाई रखी गई है
टोक्यो आयोजन समिति के प्रवक्ता मासा ताकाया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "ओलंपिक विलेज में एक व्यक्ति था जो विलेज में स्क्रीनिंग टेस्ट के दौरान कोविड पॉजिटिव आया है। "उन्होंने आगे कहा, "अभी वो व्यक्ति एक होटल तक ही सीमित है।" गोपनियता बनाये रखने के लिए आयोजकर्ताओं ने उसकी पहचान बताने से इंकार कर दिया है। फ़िलहाल उस व्यक्ति को विलेज से दूर रखा गया है। ओलंपिक विलेज ही वह जगह है जहां ओलंपिक के दौरान हजारों एथलीट और अधिकारी रहेंगे।
संक्रमण रोकने का हर संभव प्रयास
मुख्य आयोजक सेइको हाशिमोटो ने कहा, “हम किसी भी तरह के कोविड के प्रकोप को रोकने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। अगर फिर भी अगर हम पर प्रकोप आता है तो हम सुनिश्चित करेंगे कि हमारे पास उससे निपटने की योजना हो।" बता दें कि वैश्विक महामारी के कारण एक साल के लिए स्थगित टोक्यो 2020 ओलंपिक ज्यादातर दर्शकों के बिना और कड़े संगरोध नियमों के तहत आयोजित किया जा रहा है।