द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
टोक्यो ओलंपिक 2021 के लिए भारत से खिलाडियों का पहला जत्था शनिवार को रवाना हो गया जिसमें पुरुष और महिला हॉकी टीमों के सदस्य हैं। वहीं इसी जत्थे में पीवी सिंधु और तीरंदाजी टीम भी शामिल थी। 88 खिलाड़ियों के बैच में 54 एथलीट, सपोर्ट स्टाफ और भारतीय ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि शामिल थे। इस जत्थे में आठ खेलों के एथलीट और सहयोगी स्टाफ शामिल रहें। आठ खेलों में तीरंदाजी, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, जूडो, जिम्नास्टिक और भारोत्तोलन शामिल है। इसमें दो हॉकी टीमें का सबसे बड़ा हिस्सा था।
टोक्यो ओलंपिक में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
खिलाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए, केवल उन गणमान्य व्यक्तियों और अन्य अधिकारियों को ही आयोजन में प्रवेश की अनुमति दी गई, जिनकी कोविड परीक्षण रिपोर्ट नेगेटिव थी। यात्रा के दौरान कोविड नियमों का पालन किया गया। मौके पर खिलाडियों को विदाई देने के लिए हवाई अड्डे पर खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, राज्य मंत्री निसिथ प्रमाणिक, आईओए अध्यक्ष नरिंदर ध्रुव बत्रा और इसके महासचिव राजीव मेहता मौजूद थे। अनुराग ठाकुर ने कहा जब आप ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने जाते हैं, तो यह आपके लिए ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण होता है। यह आपके अनुशासन, दृढ संकल्प और समर्पण के कारण संभव हुआ है। आप यहां टीम इंडिया का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
127 खिलाड़ियों का दल ओलंपिक में गया
इस बार 127 भारतीय एथलीटों ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई किया है, जो एक रिकॉर्ड है। इससे पहले रियो ओलंपिक में 117 एथलीट हिस्सा ले चुके हैं। शूटिंग, सेलिंग और रोइंग रीम पहले ही टोक्यो पहुंच चुके हैं और उनमें से कुछ ने अपना अभ्यास भी शुरू कर दिया है। टोक्यो मेट्रोपॉलिटन सरकार के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एथलीटों को तीन दिनों के स्पेशल क्वारंटीन में रहना होगा। भारत के अलावा, 11 अन्य देशों के एथलीटों को स्पेशल क्वारंटीन संगरोध के लिए चुना गया है क्योंकि उनके देश में नोवेल कोरोनावायरस का एक अलग रूप है।
।
