logo

साबरमती का संत-47: किसानों को गांधी के अहिंसक रास्ते पर चलना चाहिए

14132news.jpg

(‘आने वाली नस्लें शायद मुश्किल से ही विश्वास करेंगी कि हाड़-मांस से बना हुआ कोई ऐसा व्यक्ति भी धरती पर चलता-फिरता था’ - आइंस्टीन ने कहा था। आखिर क्षीण काया के उस व्यक्‍ति में ऐसा क्या था, कि जिसके अहिंसक आंदोलन से समूची दुनिया पर राज करने वाले अंग्रेज घबराकर भारत छोड़ गए। शायद ही विश्व का कोई देश होगा, जहां उस शख्सियत की चर्चा न होती हो। बात मोहन दास कर्मचंद गांधी की ही है। जिन्हें संसार महात्मा के लक़ब से याद करता है। द फॉलोअप के पाठक अब सिलसिलेवार गांधी और उनके विचारों से रूबरू हो रहे हैं। पेश है,  47वीं किस्त -संपादक। )

कनक तिवारी, रायपुर:

कुछ ऐतिहासिक तथ्यों को बिना उत्तेजना के याद रखना ज़रूरी होता है। गांधी ने भारत की आज़ादी के लिए जन आंदोलनों की अगुवाई अंगरेजों के खिलाफ की थी। वह विदेशियों से लड़ता रहा। प्रतिकूल हमवतनों को समझाइश देता रहा। आज आजादी के सत्तर बरस बाद भारत के लाखों करोड़ों किसान अवाम का सैद्धांतिक हरावलदस्ता बनकर निजाम से अपने जायज अधिकारों की पहली बार पुरअसर मांग कर रहे हैं। हमवतन सरकार से अपने संवैधानिक अधिकार लेने का यह एक जानदार मर्दाना उदाहरण है। लोहिया कहते थे ‘इतर सभ्यता के लोगों से लड़ना रामायणकालीन उदाहरण है। अपनों से लड़ना महाभारत में कृष्ण की गीता को जन्म देता है।‘ आत्मिक हथियारों की वीरता की यह लड़ाई लाखों किसानों के शरीर नहीं लड़ रहे। वे सरकार से अपनी नैतिक ताकत पर भरोसा करते अधिकारों की भीख नहीं मांग रहे। वे मुकम्मिल सत्याग्रह के रास्ते पर चलकर अधिकार हासिल करना चाहते हैं, जो आखिरकार उनसे संसद के मुखौटे की आड़ में छीने जा रहे हैं। ऐसा भी नहीं है कि सरकारें कानून बनाकर उन्हें वापस नहीं लेती रही हैं। ऐसा भी नहीं है कि किसानों के पक्ष में देश के बुद्धिजीवी, अर्थशास्त्री, सियासती ताकतें और ईमानदार नागरिक नहीं खड़े हैं। बीसियों बार बहस का रिहर्सल करने के बाद भी सरकार अपनी बात समझा पाने में असमर्थ क्यों है? 

 


  
किसान आंदोलन में तात्विक या अव्यक्त वैधानिक परिभाषा के अनुकूल कितनी हिंसा हुई है? कितने पुलिसकर्मियों की किसानों या उनके बीच में छुपाए गए सरकारपरस्त व्यक्तियों की हत्या की गई है? लाखों की भीड़ में अंगरेजी बुद्धि की मानसिकता की भारतीय पुलिस से झड़प में अगर चोटें नहीं लगतीं तो आंदोलन की प्रकृति को मिलीजुली कुश्ती तो तमाशबीन, कायर और गालबजाऊ भाषा में कहा जा सकता था। गांधी तक ने 1942 के जनआंदोलन को जवाहरलाल नेहरू, सरदार पटेल, मौलाना आज़ाद और न जाने कितने अहिंसा वीरों के बावजूद हिंसा से बचा पाना अनुभव नहीं किया। किसान आंदोलन की खसूसियत यही है कि उसका कोई एक निर्वाचित या मनोनीत नेता नहीं है। उसने राजनीतिक पार्टियों के बैनर, पोस्टर, झंडों और खुद नेताओं के शामिल होने तक से नीयतन और सावधाानीपूर्वक परहेज किया। 

 

नेताविहीन यह सामूहिक किसान आंदोलन भारत की ओर से विश्व इतिहास का श्रेय बनेगा। हो ची मिन्ह, लेनिन, मार्टिन लूथर किंग, फिदेल कास्त्रो और गांधी जैसा उनका कोई नेता नहीं रहा है। दुनिया के पके हुए आंदोलनों से साहस, सीख और प्रेरणा लेकर भारत के किसानों ने इतिहास में एक नई फसल बोई है। वह अमिट स्याही से लिखी है। वह पानी पर पत्थर की लकीर की तरह लिखी है। वह पीढ़ियों की यादों की आंखों में फड़कती रहेगी। उसे बदनाम करने की हर कोशिश में एक मनुष्य इकाई को दो किलो या मुफ्त में चावल मिल जाने वाले लोगों के वोट को निजाम की ताबेदारी करने का चुनावी आचरण बनाया जाता है। लोग इतिहास पढ़ने से डरते हैं। जिनके पूर्वजों ने इतिहास की उजली इबारतों पर काली स्याही फेर दी है। जो गोडसे के मंदिर में पूजास्तवन करते हैं। उनमें दिमागी वायरस होता है। वह पसीना बहाने वाले किसानों के अहिंसा आंदोलन को काॅरपोरेटियों की तिजोरियों, पुलिस की लाठियों, और मंत्रियों की लफ्फाजी में ढूंढ़ना चाहता है। 
 
कई जज जरूर हैं जिनकी कलम और वाणी से सूझबूझ, निष्कपटता, साहस और न्यायप्रियता से मुनासिब आदेश झरते हैं। कई हाई कोर्ट में भी ऐसे जज हैं। नहीं होते तो न्याय महल भरभरा कर गिर भी जाता। इसलिए गांधी ने अंगरेजी गर्भ की अदालतों पर भरोसा नहीं किया था। उन्होंने संसद और प्रधानमंत्री पर भी तीक्ष्ण कटाक्ष किए थे। कहा था संसद एक वेश्या है, नर्तकी है। प्रधानमंत्री के इशारे पर नाचती है। गांधी का यह वाक्य कोई संसद अपनी दीवारों पर नहीं लिखवा सकती। वह तो जनता की आत्मा में पत्थर की लकीर की तरह लिख गया है। इसलिए जनता के सबसे बड़े हिस्से किसानों की आत्मा में। किसान ही वह लोहारखाना हैं जहां मनुष्य की नैतिकता के उत्थान के लिए कालजयी हथियार बनते हैं। ये हथियार शोषक नहीं, रक्षक होते हैं। भारतीय किसानों का छिटपुट हिंसक हो चुकी घटनाओं के कारण अपमान करना और उनके किसान होने की अहमियत को मिटाने का कोई कुचक्र बनाए तो कुदरत के कानून पीठ नहीं दिखा सकते। 
 
गैर भाजपाइयों ने भी बेईमानी की है। केन्द्र सरकार कहती रही चित मैं जीती पट तू हारी। राज्य सरकारें कहती रहीं बार बार कि टाॅस करो। हम भी जनता से कहेंगे, ‘चित मैं जीती पट तू हारी।‘ भारतीय किसानों के असाधारण आंदोलन को गांधी का नाम जपने वाले सभी लोगों ने भी धोखा दिया है। देश को गांधी की अहिंसा के दार्शनिक, बहुआयामी और समकालीन पाठों के महत्व से कभी रूबरू नहीं कराया गया। अब कांग्रेस की सरकारों में भी किराए के वक्तव्यवीर बुलाकर मुस्कराते हुए भी तीस जनवरी का शहीद दिवस मना लिया जाता है। 

 

अब छाती कूटने का क्या मतलब है कि किसानों को गांधी के अहिंसक रास्ते पर चलना चाहिए। 1942 के आंदोलन की सायास और सहसा हिंसा देखकर गांधी ने माना था कि वे पूरी तौर पर अहिंसा को रोक नहीं सके। हालांकि यह भी कहा कि दुनिया के विश्व आंदोलनों में सबसे बड़ी संख्या और परिमाण में भारत ने ही अहिंसा पर अमल किया है। यही तो किसान बंधु आज कर रहे हैं। कोई समझे, महीनों तक शतप्रतिशत अहिंसक आंदोलन कोई इसलिए करेगा कि वह गणतंत्र दिवस की परेड में शरीक होकर देश के राजपथ पर मार्च करने पर नैतिक दृष्टि से मजबूर या उदात्त आचरण करे? तब भी तो सत्ताशीन ताकतें जन आंदोलनों में दलालों, एजेंन्टों, अपराधियों का प्रवेश कराने का मुहूर्त किसी पुरोहित, पंडित या गंडाताबीज बांधने वाले से निकलवा लेती हैं। कांग्रेसी केन्द्र सरकार जाहिर कारणों से गांधी की हत्या करने वाले को पहले से पहचान या रोक, पकड़ नहीं सकी थी।

 

इसे भी पढ़िये:

साबरमती का संत-1 : महात्मा गांधी के नामलेवा ही कर रहे रोज़ उनकी हत्या

साबरमती का संत-2 : ट्रस्टीशिप के विचार को बल दें, परिष्कृत करें, ठुकराएं नहीं 

साबरमती का संत-3 : महात्‍मा गांधी के किसी भी आंदोलन में विरोधियों के प्रति कटुता का भाव नहीं रहा

साबरमती का संत-4 : गांधी को समझ जाएँ तो दुनिया में आ सकते हैं कल्पनातीत परिवर्तन 

साबरमती का संत-5 : जनता की नब्ज़ पर कैसी रहती थी गांधी की पकड़

साबरमती का संत-6 : आज ही की तारीख़ शुरू हुआ था अंग्रेजो भारत छोड़ो आंदोलन

साबरमती का संत-7 : न हिंदी, ना  उर्दू, गांधी हिंदुस्‍तानी भाषा के रहे पक्षधर

साबरमती का संत-8: जब देश आज़ाद हो रहा था तब गांधी सांप्रदायिक हिंसा को रोकने के लिए अनशन पर थे

साबरमती का संत-9: क्‍या महज़ महात्‍मा गांधी के कारण ही मिली आज़ादी !

साबरमती का संत-10: हे राम ! भक्तों को माफ करें, गांधीवादी भक्तों को भी

साबरमती का संत-11: महात्‍मा गांधी और वामपंथ कितने पास, कितने दूर

साबरमती का संत-12: महात्‍मा गांधी को मौलवी इब्राहिम ने बताया रामधुन से उन्‍हें कोई एतराज़ नहीं

साबरमती का संत-13: आख़िर पटना के पीएमसीएच के ऑपरेशन थियेटर क्‍यों पहुंचे थे बापू

साबरमती का संत-14: बापू बोले, मैं चाहूंगा कि यहाँ मुसलमान विद्यार्थी भी संस्कृत पढ़ने आ सकें

साबरमती का संत-15: महात्‍मा गांधी, बीबी अम्तुस सलाम और दुर्गां मंदिर का खड्ग

साबरमती का संत-16: सबको सन्मति दे भगवान ...भजन में ईश्वर-अल्लाह कब से आ गए

साबरमती का संत-17: संभवतः बिहार की इकलौती जगह जहां गांधी 81 दिनों तक रहे

साबरमती का संत-18: अहिंसा सिर्फ कमज़ोरों की ताक़त नहीं, वीरों का आभूषण भी है-बापू कहते थे

साबरमती का संत-19: गांधी के पहले आश्रम के बाजारीकरण की तैयारी, खो जाएगी सादगी

साबरमती का संत-20: पंजाब से यूपी तक सैकड़ों चंपारण एक अदद गांधी की जोह रहे बाट

साबरमती का संत-21: एक पुस्‍तक के बहाने गांधी और नेहरू  : परंपरा और आधुनिकता के आयाम

साबरमती का संत-22: महात्‍मा गांधी ने उर्दू में लिखी चिट्ठी में आख़िर क्‍या लिखा था!

साबरमती का संत-23: भारत के इकलौते नेता जिनकी पाकिस्‍तान समेत 84 देशों में मूर्तियां

साबरमती का संत-24: तुरंत रसोई घर में चले गए और स्वयं ही पराठे और आलू की तरकारी बनाने में लग गए

साबरमती का संत-25: महात्मा गांधी ने क्यों त्यागा सूटबूट और धारण की सिर्फ धोती, जानिये

साबरमती का संत-26: समकालीन विश्व में महात्मा की प्रासंगिकता कितनी सार्थक

साबरमती का संत-27: क्यों डरते हैं गांधी से लोग, और प्रेम का ढोंग भी

साबरमती का संत-28: विश्व अहिंसा दिवस और महात्मा गांधी का सच 

साबरमती का संत-29: महात्मा गांधी का संकल्प- खादी आत्म निर्भरता का विकल्प

साबरमती का संत-30: गांधी दर्शन-समरसता की बुनियाद पर टिकी अर्थव्यवस्था और राजनीति

साबरमती का संत-31: गांधी पाठशाला में महात्मा से मुठभेड़

साबरमती का संत-32: उसने गांधी को क्यों मारा-पड़ताल

साबरमती का संत-33: जब वाल्मिकी बस्ती में बापू बने मास्टरजी  

साबरमती का संत-34: महात्‍मा गांधी, कांग्रेस और लोकसेवक संघ

साबरमती का संत-35: महात्‍मा गांधी की विनम्रता सायास हथियार नहीं नैसर्गिक गुण रही

साबरमती का संत-36: गांधी का बचपन किसी रूमानी आख्यान के राजकुमार सा नहीं गुज़रा

साबरमती का संत-37: गांधी को समाजवाद से नफरत नहीं थी, मार्क्सवादी होने का बस दावा नहीं करते थे

साबरमती का संत-38: गांधी के वक्त इंटरनेट, कम्प्यूटर, दूरसंचार वगैरह की दुनिया इतनी समुन्नत नहीं थी

साबरमती का संत-39: गांधी में आत्मस्वीकार और आत्मविश्वास है ही नैतिक अहम्मन्यता भी

साबरमती का संत-40: क्‍या महात्‍मा गांधी ने ऐसे ही स्वराज्य की कल्‍पना की थी, जहां है सिर्फ अफ़रातफ़री

साबरमती का संत-41: गांधी ने कहा था, मरीज की लाश को वेंटिलेटर पर डालकर गरीब परिवार का आर्थिक बलात्कार

साबरमती का संत-42: सभी धर्मों और जातियों की एकाग्रता के प्रतीक थे गांधी, मिलावट के नहीं

साबरमती का संत-43: मौजू़दा हालातों में गांधी एक बेहतर और कारगर विकल्प

साबरमती का संत-44: बापू ने कहा था-भारत हिन्दू इंडिया नहीं और न कांग्रेस केवल हिन्दुओं का संगठन

साबरमती का संत-45: दक्षिणपंथी राजनेताओं के लिए गांधी राजनीति का अनपच

साबरमती का संत-46: गांधी की अहिंसा में छुपी है किसान आंदोलन की कामयाबी

 

(गांधीवादी लेखक कनक तिवारी रायपुर में रहते हैं।  छत्‍तीसगढ़ के महाधिवक्‍ता भी रहे। कई किताबें प्रकाशित। संप्रति स्‍वतंत्र लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।