द फॉलोअप टीम, डेस्क:
ड्वेन ब्रावो आईसीसी टी20 विश्व कप 2021 के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह देंगे। कैरेबियाई ऑलराउंडर ने कहा है कि वे इस विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। गौरतलब है कि अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस बात की पुष्टि की है। ड्वेन ब्रावो ने लंबे समय तक वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया है।
वेस्टइंडीज क्रिकेट में दिया अहम योगदान
ड्वेन ब्रावो बतौर ऑलराउंडर टीम में खेलते हैं। वो मध्यम गति के तेज गेंदबाज हैं। ब्रावो अंतिम ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए भी जाने जाते हैं। ड्वेन ब्रावो वेस्टइंडीज की क्रिकेट टीम के साथ-साथ दुनिया की अलग-अलग क्रिकेट लीग में भी खेलते हैं। आईपीएल में ड्वेन ब्रावो महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हैं। ड्वेन ब्रावो इसके अलावा 2 सीजन गुजरात लायंस के लिए भी खेल चुके हैं। इसके अलावा ब्रावो कैरेबियन प्रीमियर लीग में एक टीम की कप्तानी करते हैं। वो पाकिस्तान सुपर लीग और श्रीलंका की क्रिकेट लीग में भी खेलते हैं।

10 साल से टेस्ट क्रिकेट नहीं खेले हैं ब्रावो
ड्वेन ब्रावो के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने 22 जुलाई 2004 को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में अपना टेस्ट डेब्यू किया था। ड्वेन ब्रावो ने अपने करियर में कुल 40 टेस्ट मैच खेले जिसकी 71 पारियों में 31.43 की शऔसत और 48.6 की स्ट्राइक रेट से 2 हजार 220 रन बनाये। टेस्ट क्रिकेट में बॉवो के नाम 3 शतक औ 13 अर्धशतक है। बतौर ऑलराउंडर टीम में शामिल ब्रावो ने अपने टेस्ट करियर में कुल 85 विकेट हासिल किये। 2 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा भी किया। ब्रावो ने अपना आखिरी टेस्ट मैच 1 दिसंबर 2010 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

वनडे क्रिकेट भी सात साल पहले खेला था
ब्रावो ने पहला एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय मैच 18 अप्रैल 2004 को को इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। कुल 164 ओडीआई मुकाबलो में ब्रावो ने 2 हजार 968 रन बनाये। वनडे क्रिकेट में ब्रावो के नाम 2 शतक और 10 अर्धशतक है। वनडे क्रिकेट में ब्रावो का हाईएस्ट स्कोर 112 रन है। इस फॉर्मेट में ब्रावो ने 25.37 की औसत और 82.31 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। वनडे क्रिकेट में गेंदबाजी की बात करें तो ब्रावो के नाम 150 विकेट हैं। 1 बार पारी में पांच विकेट भी लिया। वनडे क्रिकेट में अपना आखिरी मुकाबला ब्रावो ने 17 अक्टूबर 2014 को भारत के खिलाफ खेला था।

टी20 फॉर्मेट के उपयोगी खिलाड़ी रहे हैं ब्रावो
टी20 फॉर्मेट में ड्वेन ब्रावो का डेब्यू 16 फरवरी 2006 को न्यूजीलैंड के खिलाफ हुआ था। टी20 फॉर्मेट में ब्रावो ने 4 अर्धशतको की मदद से 1 हजार 245 रन बनाये। इसमें ब्रावो को उच्चतम स्कोर 66 रन रहा। इस फॉर्मेट में बॉलिंग की बात की जाये तो ब्रावो ने कुल 76 विकेट हासिल किये जिसमें 19 रन देकर 4 विकेट बेस्ट रहा। इस फॉर्मेट में गेंदबाजी में ब्रावो काफी उपयोगी साबित होते रहे हैं चाहे वो राष्ट्रीय टीम हो या लीग की फ्रेंचाइजी।

इंडियन प्रीमियर लीग में रहता है ब्रावो का जलवा
इंडियन प्रीमियर लीग में ड्वेन ब्रावो ने कुल 151 मैच खेले जिसकी 107 पारियों में 22.94 की औसत औ 130.25 की औसत से 1 हजार 537 रन बनाये। आईपीएल में ब्रावो का बेस्ट स्कोर 70 रन रहा। ब्रावो ने आईपीएल में 5 अर्शशतक भी लगाये हैं। गेंदबाजी की बात करें तो ब्रावो ने कुल 148 विकेट हासिल किये हैं। वो आईपीएल में पर्पल कैप होल्डर भी रह चुके हैं। ब्रावो भले ही टी20 विश्व कप के बाद अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दें लेकिन वे लीग में नजर आएंगे।