दीपक झा
मैथन डैम से एक बड़ा आकर्षण जल्द ही ख़त्म होने वाला है। दामोदर वैली कॉरपोरेशन (DVC) के अधिकारियों ने मैथन डियर पार्क के सभी 250 हिरणों को झारखंड के पलामू पार्क में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। यह पूरी प्रक्रिया अगले तीन महीनों में चरणबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएगी।
शिफ्टिंग की ख़ास तैयारी
इस बड़ी शिफ्टिंग के लिए DVC और झारखंड वन विभाग मिलकर काम कर रहे हैं, जिसमें सुरक्षा और आराम का ख़ास ध्यान रखा जा रहा है।
अस्थायी सड़क का निर्माण: हिरणों को ले जाने वाले ट्रकों को सीधे डियर पार्क तक पहुंचाने के लिए पार्क से हाइडल तक 15 फीट चौड़ी अस्थायी सड़क बनाई जा रही है। ट्रकों के अंदरूनी हिस्से को हिरणों के लिए आरामदायक बनाया जा रहा है ताकि वे सुरक्षित रूप से लंबी दूरी तय कर सकें। हिरणों को पार्क की जमीन से सीधे ट्रक में चढ़ाने के लिए बांस की जाली का इस्तेमाल किया जाएगा। शिफ्टिंग के दौरान हिरणों को भागने से रोकने के लिए पार्क के चारों ओर बाड़ लगाई जा रही है।.jpg)
क्रिसमस और नए साल पर आकर्षण ख़त्म
एक तरफ़ जहाँ DVC प्रशासन क्रिसमस और नए साल के लिए मैथन डैम पर ज़ोरदार सजावट की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ़ यहां के एक बड़े आकर्षण, डियर पार्क को बंद करने की पूरी कोशिश की जा रही है। नतीजतन, आने वाले दिनों में मैथन रिज़र्वॉयर के पास से हिरणों का झुंड पूरी तरह से गायब हो जाएगा, जिससे स्थानीय पर्यटन को एक झटका लग सकता है, वहीं ये हिरण अब पलामू के विस्तृत जंगल में विचरण कर पाएंगे।