द फॉलोअप डेस्क:
बॉलीवुड एक्ट्रेस तब्बू (Bollywood Actress Tabu) ने अपने 55वें जन्मदिन पर फैंस को खास तोहफा दिया है। नागार्जुन (Nagarjuna) की बहुप्रतीक्षित 100वीं फिल्म 'King100' से उनका पहला टीजर रिलीज (Teaser Release) कर दिया गया है। करीब 54 सेकंड के इस टीजर में तब्बू का अब तक से अलग और बेहद दमदार अंदाज देखने को मिल रहा है। फिल्म में वह महंती झांसी रानी नाम की एक प्रभावशाली राजनीतिक शख्सियत का किरदार निभाती नजर आएंगी। टीजर सामने आने के बाद से ही उनके इस नए लुक की चर्चा हो रही है।

'आई हेट लक' डायलॉग से शुरू हुआ तब्बू का रौब
टीजर की शुरुआत एक गंभीर बैकग्राउंड म्यूजिक और जिंदगी को लेकर एक खास विचार से होती है। इसमें कहा जाता है कि दुनिया में दो तरह के लोग होते हैं। एक वे, जो मेहनत के दम पर आगे बढ़ते हैं और दूसरे वे, जो किस्मत के भरोसे रहते हैं। इसके बाद तब्बू की एंट्री होती है और उनका डायलॉग सुनाई देता है, 'आई हेट लक'। इसके साथ ही उनका बेखौफ अंदाज नजर आता है। वह अपनी नेमप्लेट 'महंती झांसी रानी' के पीछे कुर्सी पर बेहद आत्मविश्वास के साथ बैठी दिखाई देती हैं। टीजर में '28 ईयर्स ऑफ वेटिंग' और 'दिस टाइम इट्स नॉट लव, इट्स वॉर' जैसे संदेश भी दिखाए गए हैं।

28 साल बाद फिर साथ दिखेंगे नागार्जुन और तब्बू
टीजर के आखिरी हिस्से में तब्बू हजारों लोगों की भीड़ के सामने मंच पर शपथ लेती दिखाई देती हैं। उनके इस अंदाज से फिल्म में उनके किरदार की राजनीतिक ताकत और दबदबे की झलक मिलती है। फिल्म का निर्देशन रा. कार्तिक कर रहे हैं, जबकि इसका संगीत देवी श्री प्रसाद (DSP) ने तैयार किया है। खास बात यह है कि नागार्जुन और तब्बू की जोड़ी करीब 28 साल बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आएगी। दोनों इससे पहले फिल्म 'निन्ने पेल्लादुथा' में साथ काम कर चुके हैं। हालांकि, इस बार दर्शकों को रोमांटिक कहानी के बजाय सत्ता और टकराव से भरी कहानी देखने को मिलेगी। 'किंग100' इसी साल 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।