पूर्वी सिंहभूम :
East Singhbhum: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत जियान गांव की दिव्यांग महिला और उनके बेटे के लिए इस बार की दीपावली यादगार बन गयी. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आमंत्रण पर मां-बेटे को दिल्ली बुलाया गया, जहां उन्होंने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की. इस दौरान राष्ट्रपति की ओर से उन्हें दीपावली के उपहार स्वरूप कपड़े और आर्थिक सहायता प्रदान की गयी.

बीडीओ के साथ दिल्ली पहुंचे मां-बेटे
जानकारी के अनुसार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डांगुर कोड़ाह गुरुवार को मां-बेटे को लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए. दोनों घाटशिला से पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के सेकंड क्लास एसी कोच से दिल्ली पहुंचे. दिल्ली पहुंचने के बाद सरकारी वाहन से उन्हें राजभवन ले जाया गया. इस दौरान उन्हें परिसर का भ्रमण भी कराया गया.
राष्ट्रपति भवन में हुई मुलाकात, दिल्ली का कराया गया भ्रमण
शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मां-बेटे की मुलाकात हुई. इस अवसर पर राष्ट्रपति भवन की ओर से उन्हें दीपावली उपहार के रूप में कपड़े और आर्थिक सहायता प्रदान की गयी. मुलाकात के बाद सरकारी वाहन से मां-बेटे को दिल्ली का भ्रमण कराया गया.