logo

झारखंड में अब तक 1 करोड़ सैंपल की जांच, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वास्थ्यकर्मियों को दी बधाई

10362news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना की दूसरी लहर की रफ्तार थमने लगी है। झारखंड में रोजाना मिलने वाले केस की संख्या काफी कम हो गई है। इस बीच झारखंड ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। झारखंड में अब तक 1 करोड़ से भी ज्यादा लोगों की कोरोना जांच की जा चुकी है। सबसे बड़ी बात ये है कि प्रदेश ने राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के दिन ये उपलब्धि हासिल की। 

स्वास्थ्य मंत्री ने उपलब्धि पर दी बधाई
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने अपने ऑफिशियल ट्विटर पर लिखा कि झारखंड सरकार ने आज 1 करोड़ से ज्यादा कोरोना जांच कर लिया है, डॉक्टर्स डे के दिन ये उपलब्धि मायने रखती हैं, राज्य के सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और कोरोना जांच से जुड़े सभी लोगों का आभार और धन्यवाद प्रकट करता हूँ। आप सभी के सहयोग से हम कोरोना से जंग जरूर जीतेंगे। ये बड़ी उपलब्धि है। 

अब तक 1 करोड़ से अधिक की जांच हुई
झारखंड के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 1 करोड़ 35 हजार 595 लोगों की जांच की गई। ये आंकड़ा 15 महीने का है। राज्य में जितना सैंपल कलेक्ट किया गया और जितनों की जांच की गई उनमें से 96.5 फीसदी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अब तक राज्य में 3 लाख 45 हजार 706 लोग पॉजिटिव पाये गये थे। लोगों की जांच आरटीपीसीआर, ट्रूनेट मशीन और एंटी रैपिड एंटीजन के जरिए जाच की गई। 

झारखंड में जारी है टीकाकरण कार्यक्रम
इस बीच राज्य में कोरोना टीकाकरण भी जारी है। शुक्रवार को झारखंड को कोविशील्ड और कोवैक्सीन को मिलाकर कुल 6 लाख टीकों की आपूर्ति की गई। इसके पहले हूल दिवस के दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा ने टीकों की आपूर्ति में झारखंड के साथ भेदभाव का आरोप लगाया था। झामुमो के राष्ट्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि जितने टीकों की आवश्यक्ता है और जितने टीके की मांग की जाती है उतने की आपूर्ति नहीं की जाती।