logo

महंगाई की दोहरी मार! कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 264 रुपये का बड़ा इजाफा

14426news.jpg

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

मंहगाई अपने चरम पर है। एक के बाद एक चीजों के दाम में इजाफा होता जा रहा है। गैस से लेकर पैट्रोल-डीजल सबके दाम बढ़ते जा रहे है। कारोबारियों के लिए फिर झटका लगने वाली खबर आयी है। पेट्रोलियम कंपनियों ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 264 रुपए की बढ़ोतरी की है। अब दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर का दाम 2000.50 रुपए हो गया है। 

रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं
हालांकि रसोई गैस के दाम में फिलहाल कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। 31 दिसंबर 2020 को दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 1332 रुपए थी, जो 2000.50 पर पहुंच गई है। यानी इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर 668.50 रुपए महंगा हुआ है। इससे पहले 1 अक्टूबर को भी इसकी कीमत में 43.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। कॉमर्शियल सिलेंडर के महंगे होने की वजह से रेस्टोरेंट का खाना-पीना काफी महंगा हो जाएगा। 

पिछले महीने ही घरेलू गैस की कीमत बढ़ी थी
पिछले महीने ही रसोई गैस की कीमत में बढाई गई थी। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियों ने रसोई गैस के दाम 15 रुपए बढ़ा दिए थे। दिल्ली और मुंबई में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब 899.50 रुपए है। इस बीच दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 109.69 रुपए प्रति लीटर हो गई है, जबकि डीजल 98.42 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 115.50 और डीजल की कीमत 106.62 रुपए हैं। 

झारखंड में 103 रूपये पेट्रोल 
इधर झारखंड में भी पेट्रोल-डीजल की कीमत 103 रूपये का आंकड़ा पार कर चुकी है। अगर आप भी रसोई गैस सिलेंडर की कीमत चेक करना चाहते है तो आपको सरकारी तेल कंपनी की वेबसाइट पर जाना होगा। यहां पर कंपनियां हर महीने नए रेट्स जारी करती हैं। https://iocl.com/Products/IndaneGas.aspx लिंक पर आप अपने शहर के गैस सिलिंडर के दाम चेक कर सकते हैं।