द फॉलोअप टीम, रांची:
पिछले दो दिनों से पूरे प्रदेश में लगातार बारिश हो रही है। आज सुबह से भी बादल छाए हुए हैं। बारिश के कारण दिन में ठंड बढ़ गई है। रविवार रांची में 55 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार आज भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि तापमान में चार डिग्री गिरावट की संभावना है।
डिप्रेशन का असर कम हो रहा
अनुमान लगाया जा रहा है क 16 से 18 नवंबर तक बारिश रुकेगी, क्योंकि बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन का असर कम हो रहा है। लेकिन 19 को फिर बारिश के आसार हैं। ची वासियों में इस बारिश को लेकर इसलिए चिंता है क्योंकि 19 नवंबर को रांची में भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मैच होने वाला है और मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 19 नवंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में रांची में 19 नवंबर को होने वाले मैच में बादल का साया मंडराने का खतरा है।
आज से होगी टिकटों की बिक्री
आज से काउंटर पर टिकट बिक्री का समय सुबह 10 से दोपहर 2 बजे और 3 से शाम पांच बजे रखा गया है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव संजय सहाय ने बताया कि बिना मास्क टिकट नहीं दिया जाएगा। काउंटर पर भी दो गज की दूरी रखनी होगी। सभी जगह सीसीटीवी कैमरे से निगरानी होगी। इसके लिए जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट और सुरक्षाबलों की मांग की गई है।