द फॉलोअप टीम, चेन्नई:
इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन में क्रिस मॉरिस सबसे महंगे बिके हैं। उन्हें राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 16.25 करोड़ रुपए में खरीदा है। 14वें सीजन के दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने हैं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन। विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इन्हें 15 करोड़ की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। अब तक के तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी हैं ऑस्ट्रेलिया के ग्लैन मैक्सवेल जिन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 14.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया है।
चेन्नई में हो रही खिलाड़ियों की नीलामी
भारत की लोकप्रिय क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी चेन्नई में हो रही है। आईपीएल की 8 टीमें इसमें भाग ले रही है। सभी आठ टीमों को मिलाकर 61 खिलाड़ियों को खरीदा जाना है। भारतीय ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम को सीएसके ने 9.25 करोड़ रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जाय रिचर्ड्सन को किंग्स इलेवन पंजाब ने 14 करोड़ रुपये की कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया। इंग्लैंड के हरफनमौला खिलाड़ी मोईन अली को सात करोड़ रुपये में चेन्नई सुपर किंग्स में खरीदा।
शाहरुख खान का बेस प्राइज 20 लाख रुपये था
तमिलनाडु के ऑलराउंडर शाहरुख खान का बेस प्राइज 20 लाख रुपये था। उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब ने 5.25 करोड़ रुपये में खरीदा। लेग स्पिनर पीयूष चावला 2.4 करोड़ रुपये में बिके। उन्हें रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल किया।
तेज गेंदबाज उमेश यादव को दिल्ली कैपिटल्स ने 1 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया। ऑलराउंडर शिवम दूबे को राजस्थान रॉयल्स ने 4.20 करोड़ रुपये देकर अपनी टीम में शामिल किया।