logo

मुझे अपनी फॉर्म की चिंता नहीं,  न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच से पहले बोले आंजिक्य रहाणे

15291news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

भारत और न्यूजीलैंड के बीच कानपुर टेस्ट मैच की पूर्व संध्या पर कप्तान आंजिक्य रहाणे ने कहा कि मुझे अपनी फॉर्म की चिंता नहीं है। हमेशा शतक बनाना जरूरी नहीं होता। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा टीम के बारे में सोचता हूं। यदि मैं जरूरत के मुताबिक 50 या 60 रन भी बनाता हूं तो वो टीम के लिहाज से महत्वपर्ण है। गौरतलब है कि नियमित कप्तान विराट कोहली को पहले टेस्ट से आराम दिया गया है। उनकी जगह रहाणे टीम की अगुवाई करेंगे। 

खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं आंजिक्य रहाणे
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि आंजिक्य रहाणे का फॉर्म बीते 1 साल से अच्छा नहीं रहा है। सिडनी के खिलाफ एक शतकीय पारी को छोड़ दिया जाये तो रहाणे रनों के लिए जूझते दिखे हैं। पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने तो यहां तक कह दिया कि मैं आंजिक्य रहाणे को टेस्ट टीम में नहीं देख रहा था, हैरान हूं कि उनको कप्तानी सौंपी गई है। आंजिक्य रहाणे से मैच की पूर्व संध्या पर उनके फॉर्म के बाबत सवाल पूछा गया था। गौरतलब है कि हालिया ऑस्ट्रेलिया दौरे में आंजिक्य रहाणे ने आखिरी 2 टेस्ट मैच में टीम इंडिया की कप्तानी की थी। 

2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
गौरतलब है कि टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेला जाना है। सीरीज का पहला मैच 25 नवंबर यानी कल से खेला जाएगा। टीम में नियमित कप्तान विराट कोहली, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज नहीं हैं। केएल राहुल भी चोटिल हो गये हैं। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी को भी आराम दिया गया है। हालांकि विराट कोहली मुंबई में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम में शामिल हो जायेंगे। 

टीम इंडिया ने 3-0 से जीती टी20 सीरीज
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 टी20 मैचों की श्रृंखला भी खेली। टीम इंडिया पहली बार टी20 फॉर्मेट में नये कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में खेलने उतरी थी। भारत ने टी20 श्रृंखला में न्यूजीलैंड को 3-0 से हराया। गौरतलब है कि टीम इंडिया में कई सारे बड़े बदलाव किए गये हैं। टी20 फॉर्मेट की कप्तानी रोहित शर्मा को मिली है। राहुल द्रविड़ मुख्य कोच बने हैं।