logo

कोच राहुल द्रविड़ ने मैच से पहले क्या गुरुमंत्र दिया, कप्तान आंजिक्य रहाणे ने खोला सारा राज

15292news.jpg

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलनी है। पहला टेस्ट मैच गुरुवार को कानपुर में शुरू होगा। मैच की पूर्व संध्या पर टीम इंडिया के कार्यवाहक कप्तान आंजिक्य रहाणे ने प्रेस वार्ता की। प्रेस वार्ता में पत्रकारों ने रहाणे से केएल राहुल की चोट, विराट, रोहित और ऋषभ पंत की अनुपस्थिति और उनके हालिया फॉर्म पर सवाल पूछा। आंजिक्य रहाणे से पत्रकारों ने नव-नियुक्त कोच राहुल द्रविड़ के साथ जुगलबंदी पर भी सवाल पूछा। 

केएल राहुल की चोट टीम के लिए झटका
केएल राहुल के बारे में रहाणे ने कहा कि देखिये ये बड़ा झटका है। केएल राहुल इन 2 टेस्ट मैचो के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने इंग्लैंड में काफी अच्छी बल्लेबाजी की थी। वे अच्छी फॉर्म में थे और बढि़या खेल रहे थे। निश्चित रूप से हमें उनकी कमी खलेगी लेकिन, हमारे पास वैसे खिलाड़ी हैं जो इस खालीपन को भर सकते हैं। टीम में मौजूदा समय में वैसे खिलाडी हैं जिन्होंने टीम के लिए अतीत में अच्छा किया है और योगदान देने के लिए उत्सुक हैं। हमें ओपनिंग जोड़ी के बारे में बहुत अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। खिलाड़ी पहले मैच के लिए तैयार हैं। 

राहुल द्रविड़ के साथ रहाणे की क्या बात हुई
राहुल द्रविड़ के साथ बातचीत के बाबत रहाणे ने कहा कि राहुल भाई ने हमें कहा कि है खुद पर भरोसा रखो और ज्यादा मत सोचो। मैं और पुजारा हमारे गेम प्लान के बारे में भली-भांति जानते हैं। हमें चीजों को सिंपल रखना है और प्लान के मुताबिक चलना है। यदि हम ऐसा करने में कामयाब रहे तो बड़ा परिणाम हासिल कर सकते हैं। 

युवा खिलाड़ियों को मिलेगा ज्यादा मौका
आंजिक्य रहाणे ने कहा कि हम टीम में विराट कोहली, रोहित शर्मा औऱ ऋषभ पंत हो मिस करेंगे। हालांकि ये युवा खिलाडडियों के लिए खुद को साबित करने का अच्छा मौका भी होगा। जिसे भी मौका मिलेगा वो खुद को साबित करना चाहेगा। वे आजादी से अपना खेल खेलना चाहेंगे। इस टीम की खासियत ही एक दूसरे का समर्थन करने की रही है। 

अपनी हालिया फॉर्म से चिंतित नहीं हैं रहाणे
कप्तानी के बारे में रहाणे ने कहा कि मैं अपनी फॉर्म से चिंतित नहीं हूं। हमेशा शतक बनाना ही जरूरी नहीं होता। मैं हमेशा टीम को पहले रखता हूं। मैं यदि 50 या 60 रन भी जरूरत के मुताबिक बनाता हूं तो ये महत्वपूर्ण है। मैं इस बारे में बिलकुल भी परेशान नहीं हूं कि बाहर क्या चल रहा है। मैं मैच में अपना बेस्ट देने के बारे में सोच रहा हूं। 

कप्तानी में किस बात का ध्यान रखेंगे रहाणे! 
कप्तानी के बारे में आंजिक्य रहाणे ने कहा कि जब मैं बल्लेबाजी कर रहा हूं तो केवल एक बैटर हूं। कप्तानी की बारी तब आती है जब हम मैदान में हैं। हमेशा ये महत्वपूर्ण होता है कि आपका गेम प्लान क्या है। मैं चीजों को सिंपल रखना पसंद करता हूं। 

सीरीज जीतने पर होगा टीम इंडिया का ध्यान
स्पिन पिच के सवाल पर आंजिक्य रहाणे ने कहा कि देखिये जब बात स्पिन विकेट की आती है तो भारतीय बल्लेबाजों को भी परेशानी होती है। बतौर बैटर आपका ध्यान केवल और केवल बड़ा स्कोर खड़ा करने पर होना चाहिए। आखिर में मतलब सीरीज जीतने से है। टीम उसी पर ध्यान दे रही है।