logo

रांची: रिम्स में 2 माह बाद शुरू होने जा रही है OPD सेवा, इन मरीजों का हो सकेगा इलाज

रांची: रिम्स में 2 माह बाद शुरू होने जा रही है OPD सेवा, इन मरीजों का हो सकेगा इलाज
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की वजह से बीते कई माह से बंद सामान्य ओपीडी सेवा खुलने जा रही है। रांची स्थित रिम्स में आई, ईएनटी, स्किन, कार्डियोलॉजी, यूरोलॉजी और न्यूरोलॉजी विभाग में इलाज की शुरुआत हो गई। बीते कई माह से इन बीमारियों के इलाज का इंतजार कर रहे मरीजों के लिए बड़ी राहत है। कहा जा रहा है कि पूरे कोरोना काल में पूरे राज्य से तकरीबन 1500 मरीज इलाज के लिए रिम्स पहुंचते थे लेकिन उन्हें निराश लौटाना पड़ता था। 

बीते 2 माह से बंद थी रिम्स की ओपीडी सेवा
गौरतलब है कि बीते तकरीबन 2 माह से रिम्स में सामान्य ओपीडी सेवा बंद थी। सदर अस्पताल का भी यही हाल था। कोरोना मरीजों की अचानक बढ़ी संख्या के व्यापक पैमाने पर इलाज के लिए ओपीडी सेवा बंद रखी गयी थी ताकि चिकित्सकों की पूरी सेवा कोरोना मरीजों के इलाज में ली जा सके। बता दें कि कोरोना के अलावा इस वक्त म्यूकरमाइकोसिस के मामले काफी बढ़ते हैं। मरीजों को नाक, कान, गला, आंख और स्किन संबंधी परेशानी हो रही है। यही वजह है कि इन विभागों को खोलने का फैसला किया गया है। ओपीडी पहले की तरह ही सुबह 9 से शाम 5 तक संचालित होगी। 

रिम्स में मरीजों की भीड़ बढ़ने की आशंका है
2 माह बाद ओपीडी सेवा शुरू होनी जा रही है। जाहिर है कि मरीजों की संख्या काफी ज्यादा होगी। भीड़ लगने की भी आशंका है। ऐसा होता है तो कोरोना गाइडलाइन का पालन करवाना मुश्किल होगा। इसलिए रिम्स अधीक्षक ने उपाधीक्षक को निर्देश दिया है कि किसी भी हाल में कोविड गाइडलाइन और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित करवाना है। रजिस्ट्रेशन काउंटर्स में 2 गज की दूरी रहे इसका खास ध्यान रखना है। प्रति घंटा केवल 10 मरीजों का ही रजिस्ट्रेशन करना है। 

मॉनसून के साथ ही बढ़ेगी कई बीमारियां 
झारखंड में मॉनसून प्रवेश कर चुका है। हर दिन रिम्स के ओपीडी में सामान्य सर्दी, बुखार, स्किन एलर्जी से संबंधित मरीज पहुंचते हैं। इन सबका इलाज मेडिसीन विभाग में किया जाता है। यदि रिम्स में रोजाना 1500 मरीज पहुंचते हैं तो तकरीबन 250 मरीज मेडिसीन के होते हैं। मेडिसीन सहित अन्य कई विभागों की ओपीडी अगले सप्ताह तक खुलने के आसार हैं। सदर अस्पातल में भी इसकी तैयारी हो रही है। अब तक यहां 9 विभागों की ओपीडी शुरू हो चुकी है। मरीजों का इलाज जारी है। 

झारखंड में कोरोना के मामलों में कमी
गौरतलब है कि झारखंड में कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है। राज्य के सरकारी और निजी अस्पतालों में कोविड मरीजों के समर्पित बेड खाली हैं। यही वजह है कि राज्य सरकार ने नया निर्देश जारी किया है। कहा है कि अब किसी भी कोरोना मरीज को होम आइसोलेशन में इलाज की इजाजत नहीं दी जायेगी। सभी को अस्पताल में भर्ती होना होगा। इस बीच जांच और वैक्सीनेशन जारी है।