logo

परिवहन मंत्री की बेटी का कटा चालान, तो सड़क पर ही दे दिया धरना

परिवहन मंत्री की बेटी का कटा चालान, तो सड़क पर ही दे दिया धरना
द फॉलोअप टीम, रांची 
जमशेदपुर के साकची में परिवहन मंत्री चंपई सोरेन की बेटी दुखनी सोरेन ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ सड़क पर ही धरने पर बैठ गई। इसकी वजह थी, कि जिस स्कूटी पर दुखनी सवार थी, उसके चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने परिवहन मंत्री की बेटी का ही चालान काट दिया। इसके बाद हंगामा करते हुए दुखनी सड़क पर ही बैठ गई।

मिली जानकारी के मुताबिक जमशेदपुर में ट्रैफिक पुलिस हेलमेट और मास्क चेकिंग अभियान चला रही है। ऐसे में प्रतिदिन कई लोगों का चालान हेलमेट नहीं पहनने की वजह से कटा जा रहा है। लेकिन इस बीच जब परिवहन मंत्री की बेटी का चालान कटा तो मामला सड़क पर धरने तक पहुंच गया।

पुलिस पर लगाया बदसलूकी का आरोप 
चंपई सोरेन की बेटी दुखनी ने ट्रैफिक पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि पुलिस का बर्ताव ठीक नहीं है। वे कुछ भी बोलने से बाज नहीं आते। दुखनी ने कहा कि जब तक पुलिस वाले पर कार्यवाही नहीं होती है, तब तक वह धरने से नहीं उठेंगी। इधर पुलिस वाले उन्हें समझाने में लगे रहे। सड़क पर धरने के कारण आम लोग भी प्रभावित हुए।