logo

साबरमती का संत-33: जब वाल्मिकी बस्ती में बापू बने मास्टरजी

13671news.jpg

(‘आने वाली नस्लें शायद मुश्किल से ही विश्वास करेंगी कि हाड़-मांस से बना हुआ कोई ऐसा व्यक्ति भी धरती पर चलता-फिरता था’ - आइंस्टीन ने कहा था। आखिर क्षीण काया के उस व्यक्‍ति में ऐसा क्या था, कि जिसके अहिंसक आंदोलन से समूची दुनिया पर राज करने वाले अंग्रेज घबराकर भारत छोड़ गए। शायद ही विश्व का कोई देश होगा, जहां उस शख्सियत की चर्चा न होती हो। बात मोहन दास कर्मचंद गांधी की ही है। जिन्हें संसार महात्मा के लक़ब से याद करता है। द फॉलोअप के पाठक अब सिलसिलेवार गांधी और उनके विचारों से रूबरू हो रहे हैं। आज पेश है,  33वीं किस्त -संपादक। )

विवेक शुक्ला, दिल्ली:

महात्मा गांधी के नोआखाली और कोलकाता में सांप्रदायिक दंगों को खत्म करवाने के बारे में बार-बार लिखा जाता है। पर उन्होंने यही काम दिल्ली में भी किया था। अजीब सी बात है कि इसकी अधिक चर्चा नहीं होती। इसके साथ ही वे दिल्ली में शिक्षक भी बने। उन्होंने दिल्ली के बच्चों को पढ़ाया भी। बाकी शायद ही कहीं वे किसी जगह पर मास्टर जी बने हों। दरअसल गांधी जी शाहदरा रेलवे स्टेशन में 9 सितंबर, 1947 को पहुंचते हैं। वे उसके बाद कभी दिल्ली से गए नहीं। वे पहली बार राजधानी में 12 अप्रैल 1915 को आए थे। वे तब पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उतरे थे। शाहदरा रेलवे स्टेशन में देश के गृह मंत्री सरदार पटेल और स्वास्थ्य मंत्री राजकुमारी अमृत कौर उन्हें लेने आए थे। उस वक्त सारे वातावरण में तनाव और निराशा फैली हुई थी।

 कारण ये था कि देश आजाद होने के साथ-साथ बंटा भी था। बंटने के कारण अनेक शहरों में सांप्रदायिक दंगे भड़के थे। दिल्ली भी दंगों से अछूती नहीं रही थी। पहाड़गंज,करोलबाग,दरियागंज, महरौली वगैरह को दंगों ने हिला कर रखा दिया था। गांधी जी को शाहदरा रेलवे स्टेशन पर ही सरदार पटेल ने बता दिया कि अब उनका पंचकुईयां रोड की वाल्मिकी बस्ती के  वाल्मिकी मंदिर में रहना सुरक्षित नहीं होगा। बापू वहां पर पहले रह चुके थे। बापू को यह भी बताया गया कि अब वाल्मिकी बस्ती में पाकिस्तान से आए शरणार्थी ठहरे हैं। इसलिए उनके लिए वहां पर स्पेस भी नहीं है। पंडित नेहरु भी यही चाहते थे कि बापू किसी सुरक्षित जगह पर ठहरे क्योंकि दिल्ली में दंगे-फसाद थम ही नहीं रहे थे। तब बापू अलबुर्कर रोड (अब तीस जनवरी) पर स्थित बिड़ला हाउस में ठहरने के लिए तैयार हुए। शाहदरा से बिड़ला हाउस तक के सफर में गांधी जी ने जलती दिल्ली को देख लिया था। वे समझ गए थे कि यहां के हालात बेहद संवेदनशील हैं। वे दिल्ली आने के बाद सांप्रदायिक सौहार्द कायम करने जुट गए। वे 1 4 सितंबर को  ईदगाह और मोतियाखान जाते हैं। ये दोनों स्थान भी दंगों की आग में झुलसे थे। वे स्थानीय लोगों से शांति बनाए करने की अपील करते हैं। दोनों जगहों पर दोनों संप्रदायों के लोग उन्हें अपनी आपबीती सुनाते हैं। पाकिस्तान से अपना सब कुछ खोकर  आए हिंदू और सिख शरणार्थी हैरान थे कि गांधी जी कह रहे हैं कि “ भारत में मुसलमानों को रहने का हक़ है।”

गांधी जी के सघन प्रयासों के बाद भी यहां जब दंगे रुक ही नहीं रहे थे, तब उन्होंने 13 जनवरी,1948 से अनिश्चितकालीन उपवास चालू कर दिया। दरअसल उन्हें 12 जनवरी को खबर मिली कि महरौली में स्थित कुतुबउदीन बख्तियार काकी की दरगाह के बाहरी हिस्से को दंगाइयों ने क्षति पहुंचाई है।  

दिल्ली ने महात्मा गांधी को मास्टर जी के रूप में देखा। ये तथ्य कम ही लोग जानते हैं। यहां उनकी पाठशाला चलती थी। वे अपने छात्रों को अंग्रेजी और हिन्दी पढ़ाते थे। उनकी कक्षाओं में सिर्फ बच्चे ही नहीं आते थे। उसमें बड़े-बुजुर्ग भी रहते थे। वे पंचकुईया रोड स्थित वाल्मिकि मंदिर परिसर में 214 दिन रहे। 1 अप्रैल 1946 से 10 जून,1947 तक। वे शाम के वक्त मंदिर से सटी वाल्मिकी बस्ती में रहने वाले परिवारों के बच्चों को पढ़ाते थे। उनकी पाठशाला में खासी भीड़ हो जाती थी। तब बापू की पाठशाला में रीडिंग रोड (अब मंदिर मार्ग) में स्थित हारकोर्ट बटलर स्कूल, रायसीना बंगाली स्कूल, दिल्ली तमिल स्कूल वगैरह के बच्चे भी आने लगे थे। कुछ बच्चे करोल बाग और इरविन रोड तक से आते थे। बापू अपने उन विद्यार्थियों को फटकार भी लगा देते थे, जो कक्षा में साफ-सुथरे हो कर नहीं आते थे। वे स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते थे। वे मानते थे कि स्वच्छ रहे बिना आप ज्ञान अर्जित नहीं कर सकते। ये संयोग ही है कि इसी मंदिर से सटी वाल्मिकी बस्ती से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अक्तूबर 2014 को स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की थी।

बहरहाल वो कमरा जहां पर बापू पढ़ाते थे, अब भी पहले की तरह बना हुआ है। इधर एक चित्र रखा है, जिसमें कुछ बच्चे उनके पैरों से लिपटे नजर आते हैं। आपको इस तरह का चित्र शायद ही कहीं देखने को मिले। बापू की कोशिश रहती थी कि जिन्हें कतई लिखना-पढ़ना नहीं आता वे कुछ लिख-पढ़ सकें। इस वाल्मिकी मंदिर में बापू से विचार-विमर्श करने के लिए पंडित नेहरु से लेकर सीमांत गांधी खान अब्दुल गफ्फार खान भी आते थे। सीमांत गांधी यहां  बापू के साथ कई बार ठहरे भी थे। अब भी इधर बापू के कक्ष के दर्शन करने के लिए देखने वाले आते रहते हैं। वाल्मिकी समाज की तरफ से प्रयास हो रहे हैं कि इधर गांधी शोध केन्द्र की स्थापना हो जाए। वे शाम को प्रार्थना के तुरंत बाद बच्चों को पढ़ाते थे।

गांधी जी की संभवत: महानतम जीवनी ‘दि लाइफ आफ महात्मा गांधी’ के लेखक लुई फिशर भी उनसे वाल्मिकी मंदिर में ही मिलते थे। वे 25 जून,1946 को दिल्ली आए तो यहां पर बापू से मिलने पहुंचे थे। उस समय इधर प्रार्थना सभा की तैयारियां चल रही थीं। ‘दि लाइफ आफ महात्मा गांधी’ को आधार बनाकर ही फिल्म गांधी का निर्माण हुआ था।

इसे भी पढ़िये:

साबरमती का संत-1 : महात्मा गांधी के नामलेवा ही कर रहे रोज़ उनकी हत्या

साबरमती का संत-2 : ट्रस्टीशिप के विचार को बल दें, परिष्कृत करें, ठुकराएं नहीं 

साबरमती का संत-3 : महात्‍मा गांधी के किसी भी आंदोलन में विरोधियों के प्रति कटुता का भाव नहीं रहा

साबरमती का संत-4 : गांधी को समझ जाएँ तो दुनिया में आ सकते हैं कल्पनातीत परिवर्तन 

साबरमती का संत-5 : जनता की नब्ज़ पर कैसी रहती थी गांधी की पकड़

साबरमती का संत-6 : आज ही की तारीख़ शुरू हुआ था अंग्रेजो भारत छोड़ो आंदोलन

साबरमती का संत-7 : न हिंदी, ना  उर्दू, गांधी हिंदुस्‍तानी भाषा के रहे पक्षधर

साबरमती का संत-8: जब देश आज़ाद हो रहा था तब गांधी सांप्रदायिक हिंसा को रोकने के लिए अनशन पर थे

साबरमती का संत-9: क्‍या महज़ महात्‍मा गांधी के कारण ही मिली आज़ादी !

साबरमती का संत-10: हे राम ! भक्तों को माफ करें, गांधीवादी भक्तों को भी

साबरमती का संत-11: महात्‍मा गांधी और वामपंथ कितने पास, कितने दूर

साबरमती का संत-12: महात्‍मा गांधी को मौलवी इब्राहिम ने बताया रामधुन से उन्‍हें कोई एतराज़ नहीं

साबरमती का संत-13: आख़िर पटना के पीएमसीएच के ऑपरेशन थियेटर क्‍यों पहुंचे थे बापू

साबरमती का संत-14: बापू बोले, मैं चाहूंगा कि यहाँ मुसलमान विद्यार्थी भी संस्कृत पढ़ने आ सकें

साबरमती का संत-15: महात्‍मा गांधी, बीबी अम्तुस सलाम और दुर्गां मंदिर का खड्ग

साबरमती का संत-16: सबको सन्मति दे भगवान ...भजन में ईश्वर-अल्लाह कब से आ गए

साबरमती का संत-17: संभवतः बिहार की इकलौती जगह जहां गांधी 81 दिनों तक रहे

साबरमती का संत-18: अहिंसा सिर्फ कमज़ोरों की ताक़त नहीं, वीरों का आभूषण भी है-बापू कहते थे

साबरमती का संत-19: गांधी के पहले आश्रम के बाजारीकरण की तैयारी, खो जाएगी सादगी

साबरमती का संत-20: पंजाब से यूपी तक सैकड़ों चंपारण एक अदद गांधी की जोह रहे बाट

साबरमती का संत-21: एक पुस्‍तक के बहाने गांधी और नेहरू  : परंपरा और आधुनिकता के आयाम

साबरमती का संत-22: महात्‍मा गांधी ने उर्दू में लिखी चिट्ठी में आख़िर क्‍या लिखा था!

साबरमती का संत-23: भारत के इकलौते नेता जिनकी पाकिस्‍तान समेत 84 देशों में मूर्तियां

साबरमती का संत-24: तुरंत रसोई घर में चले गए और स्वयं ही पराठे और आलू की तरकारी बनाने में लग गए

साबरमती का संत-25: महात्मा गांधी ने क्यों त्यागा सूटबूट और धारण की सिर्फ धोती, जानिये

साबरमती का संत-26: समकालीन विश्व में महात्मा की प्रासंगिकता कितनी सार्थक

साबरमती का संत-27: क्यों डरते हैं गांधी से लोग, और प्रेम का ढोंग भी

साबरमती का संत-28: विश्व अहिंसा दिवस और महात्मा गांधी का सच 

साबरमती का संत-29: महात्मा गांधी का संकल्प- खादी आत्म निर्भरता का विकल्प

साबरमती का संत-30: गांधी दर्शन-समरसता की बुनियाद पर टिकी अर्थव्यवस्था और राजनीति

साबरमती का संत-31: गांधी पाठशाला में महात्मा से मुठभेड़

साबरमती का संत-32: उसने गांधी को क्यों मारा-पड़ताल

(लेखक कई मीडिया हाउस में सेवा दे चुके हैं। संप्रति स्वतंत्र लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। सहमति के विवेक के साथ असहमति के साहस का भी हम सम्मान करते हैं।