logo

झारखंड हॉर्स-ट्रेडिंग मामला:  BJP नेताओं संग आरोपियों की तस्वीर, क्या है पीएनआर नंबर का झोल, माजरा क्या है! 

11162news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची: 

राजधानी रांची में विधायकों की खरीद-फरोख्त मामले में रविवार को पूरे दिन गहमा-गहमी रही। ये पूरा मामला अब नया मोड़ लेता दिख रहा है। पुलिस बता रही है कि रांची के होटल में सरकार गिराने की साजिश रची जा रही थी तो वहीं गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह की पत्नी ने बताया कि उनके पति को बोकारो स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया। आपको बता दें कि पुलिस ने हेमंत सरकार के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि गिरफ्तार आरोपी अमित सिंह की पत्नी ने बीजेपी के साथ किसी भी प्रकार के संबंध से इंकार किया है। हालांकि हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। 

 

आरोपी की बीजेपी विधायकों संग दिखी तस्वीर
गौरतलब है कि कुछ तस्वीरें सामने आई है जिसमें गिरफ्तार आरोपी विधायक ढुल्लू महतो सहित बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ दिख रहा है। तस्वीर से ये लगता है कि आरोपियों का बीजेपी नेता से अच्छा संबंध रहा है। मामले में निवारण महतो और अमित सिंह की कुछ अन्य तस्वीरें भी सामने आई हैं जो बीजेपी विधायक ढुल्लू महतो समेत अन्य नेताओं के साथ है। 

 

सत्तापक्ष ने तस्वीरों के आधार पर लगाया आऱोप
सत्तापक्ष का कहना है कि ये तस्वीर बताने के लिए काफी है कि गिरफ्तार लोगों का बीजेपी के नेताओं से गहरा संबंध है। वो अलग बात है कि परिवार के लोगों ने राजनेताओं के साथ संबंध होने से इंकार किया है। हालांकि फिलहाल अलग-अलग बिंदुओं से मामले की गहनता से जांच कर रही है। विपक्ष पुलिस द्वारा होटल से गिरफ्तारी वाली बात पर सत्तापरक्ष और पुलिस पर निशाना साध रहा है। क्योंकि परिजनों का कहना है कि उनकी गिरफ्तारी बोकारो के उनके आवास से हुई। 

 

आरोपियों ने स्वीकार कर ली मामले में संलिप्तता
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शुक्रवार देर शाम को ऱांची पुलिस ने सरकार के खिलाफ साजिश रचने के आरोप में जिन तीन युवकों को गिरफ्तार किया है, दावा है कि गिरफ्तार लोगों ने अपने बयान में सरकार के विरुद्ध साजिश रचने और सरकार गिराने की कोशिश में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। स्पेशल ब्रांच की सूचना पर पुलिस ने सरकार के खिलाफ साजिश रचने के के आरोप में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद को गिरफ्तार किया है। दावा है कि गिरफ्तार लोगों ने पूछताछ में ये स्वीकार किया है कि सभी लोग राजनीति से जुड़े लोगों के संपर्क कर नगद राशि उपलब्ध करवाने की कोशिश में थे। झारखंड पुलिस इस मामले से जुड़े लोगं की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने अभिषेक दुबे, अमित सिंह औऱ निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 124-ए, 220बी, 34 और पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 के तहत मामला दर्ज किया है। 

 

रांची पुलिस ने कोर्ट को सौंपा दो पीएनआर नंबर्स
इस बीच एक औऱ चौंकाने वाली बात निकलकर सामने आई है। पुलिस ने कोर्ट को जो पत्र सौंपा है उसमें दो पीएनआर नंबर का भी जिक्र किया गया है। इसमें रांची से दिल्ली के लिए आरोपी निवारण प्रसाद, आरोपी अमित सिंह और कुमार गौरव का जिक्र है जो फ्लाइट से रांची से दिल्ली गए थे। एक अन्य पीएनआर नंबर भी जिसके मुताबिक पुलिस का दावा है कि हजारीबाग से विधायक उमाशंकर अकेला, बरकट्ठा विधायक अमित कुमार यादव, जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी और हर्षवर्धन नामक व्यक्ति ने रांची से दिल्ली तक फ्लाइट में सफर किया था।