द फॉलोअप टीम, दुमका
उपचुनाव के दौरान ड्यूटी पर आये चाईबासा जिला बल के हवलदार बाबुधन हांसदा (50) की यहां अकस्मात मृत्यु हो गयी। दुमका के पुलिस अधीक्षक अंबर लकड़ा ने बताया कि बाबुधन की प्रतिनियुक्ति दुमका शहरी क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय, रसिकपुर स्थित बूथ संख्या 4, 5 एवं 6 में थी।
बस में मृत पाए गए थे हवलदार
चुनाव ड्यूटी समाप्त होने पर सभी कर्मी बस से दुमका स्थित राष्ट्रीय उच्च विद्यालय पहुंचे। इस विद्यालय को चुनाव को देखते हुए पूर्व से चिह्नित आवास स्थल बनाया गया था।आरक्षी अधीक्षक कहा कि बस में सवार अन्य सभी कर्मी उतरकर अपने आवास स्थल में गये लेकिन बाबुधन हांसदा की उसमें लाश मिली।
मृत्यु के रहस्य को सुलझाएगा पोस्टमार्टम रिपोर्ट
हवलदार बाबुधन हासदा के पार्थिव शरीर को दुमका के पुलिस केन्द्र में सलामी दी गयी और शव उनके परिजनों को सुपूर्द कर पाकुड़ जिला स्थित लिट्टीपाड़ा थानाक्षेत्र अन्तर्गत सूरजबेड़ा गांव भेज दिया गया, जहां उनका पैतृक घर था।इससे पूर्व पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया लेकिन अभी परीक्षण रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है जिससे मृत्यु के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।