द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र के पालघर के नालासोपारा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति की बेरहमी से हत्या कर दी और ‘दृश्यम’ फिल्म की तरह उसके शव को घर में ही दफना दिया। हत्या के बाद महिला अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। फिलहाल पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक विजय चौहान नालासोपारा पूर्व के धानिव बाग स्थित साईं वेलफेयर सोसाइटी में अपनी पत्नी कोमल और 8 साल के बेटे के साथ रहते थे। कोमल का पड़ोस में रहने वाले 20 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध था।
मिली जानकारी के अनुसार, कोमल ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति विजय की हत्या की और उसके शव को घर में ही जमीन के नीचे दबा दिया। हत्या छिपाने के लिए फर्श पर नई टाइल्स भी लगवा दीं। इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। मामला तब उजागर हुआ जब विजय चौहान के भाई मोहन चौहान ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन बंद मिला। कई बार प्रयास करने के बाद जब कोई जवाब नहीं मिला तो मोहन खुद उनके घर पहुंचे। वहां का नजारा देख वे दंग रह गए। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पेल्हार थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र वनकोटी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
