डेस्क :
महाराष्ट्र में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच शिवसेना पार्टी के नेता संजय राउत ने गुवाहाटी में एकनाथ शिंदे समेत अन्य विधायकों पर तंज कसा हैं। उन्होंने रविवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि बाग़ी विधायकों को मुंबई तो आना पड़ेगा ही। वहां बैठकर हमें वे क्या सलाह और मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने अभी भी संयम रखा है। शिवसैनिक ज़मीन पर हैं, उन्हें बस हमारे इशारे का इंतज़ार है।

ट्वीट कर कसा तंज
शिवसेना के नेता संजय राउत ने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट में लिखा, "कब तक छुपोगे गुवाहाटी में, आना ही पड़ेगा चौपाटी में."
कब तक छीपोगे गोहातीमे..
— Sanjay Raut (@rautsanjay61) June 26, 2022
आना हि पडेगा.. चौपाटीमे.. pic.twitter.com/tu4HcBySSO
बागी विधायक शिवसेना के नाम का नहीं करे इस्तेमाल
पत्रकारों से बातचीत में संजय राउत ने कहा कि कोई शक्ति प्रदर्शन करता है या कुछ करता है। उस पर ध्यान देने की ज़रूरत नहीं है। जो होना है, वो होने दो। लोग भरोसा उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर ही रखेंगे। उन्होंने उद्धव ठाकरे के हवाले से कहा कि जो लोग बाहर गए हैं, वे शिवसेना नाम का इस्तेमाल न करें।

संजय राउत के साथ आदित्य ठाकरे ने भी किया प्रहार
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े का दावा है कि उनके पाले में पार्टी के 38 विधायक हैं। इस पर संजय राउत के अलावा पार्टी के नेता आदित्य ठाकरे ने भी गुवाहाटी में मौजूद बाग़ी विधायकों पर हर रोज़ 9 लाख रुपए ख़र्च किए जाने को लेकर प्रहार किया है। ठाकरे ने कहा कि असम में बाढ़ होने के बावज़ूद लोगों को उनकी क़िस्मत पर छोड़ दिया गया है। वही बागी विधायकों के रहने खाने पर इतना ज्यादा ख़र्च किया जा रहा है।