द फॉलोअप नेशनल डेस्क:
18वीं लोकसभा के नतीजों से उत्साहित इंडिया गठबंधन सरकार बनाने की कवायद नहीं करेगा। शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के नेता संजय राउत ने इसके संकेत दिए हैं। संजय राउत ने कहा कि मोदीजी के पास बहुमत नहीं है लेकिन उनके पास सबसे बड़ा आंकड़ा है। उनके गठबंधन के पास बहुमत है। मोदीजी की इच्छा है कि वे तीसरी बार शपथ लें तो उनको शपथ लेने दीजिए। चौथी कसम के बारे में हम देख लेंगे। संजय राउत ने कहा कि बीजेपी ने 240 लोकसभा सीटें जीती है इसलिए हमने कहा है कि पहले आप। संजय राउत ने स्पष्ट किया है कि इंडिया गठबंधन की बैठक में सरकार गठन के बारे में कोई चर्चा नहीं की गई है। दरअसल, इंडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सरकार बनाने के सवाल पर कहा था कि हम उचित समय पर फैसला लेंगे।

240 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी बीजेपी
गौरतलब है कि 4 जून को आये 18वीं लोकसभा के नतीजों में बीजेपी 240 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। वहीं, एनडीए गठबंधन को 293 वोटों का स्पष्ट बहुमत मिला है। चूंकि, बीजेपी को अकेले दम पर बहुमत नहीं मिला है इसलिए, सरकार बनाने के लिए उसे टीडीपी और जेडीयू का साथ चाहिए जिनके पास कुल मिलाकर 28 लोकसभा सीटें है। टीडीपी के पास 16 और जेडीयू के पास 12 सांसद हैं। दोनों ही नेताओं ने एनडीए को स्पष्ट किया है कि वे साथ हैं और मिलकर सरकार बनाएंगे।

9 जून को पीएम पद की शपथ ले सकते हैं मोदी
बुधवार को एनडीए घटक की बैठक में जेडीयू और टीडीपी ने एनडीए के समर्थन पत्र पर हस्ताक्षर किया है। साथ में लोजपा (रामविलास पासवान), शिवसेना (एकनाथ शिंदे), हम और अपना दल सहित अन्य कई दल हैं। 9 जून को नरेंद्र मोदी पीएम पद की शपथ लेंगे।