द फॉलोअप डेस्क
लोकसभा स्पीकर पद के लिए अगर तेलगु देशम पार्टी यानी टीडीपी अपना प्रत्याशी उतारती है, तो इंडिया अलायंस के सांसद उसका समर्थन करेंगे। उद्धव ठाकरे गुट के शिवसेना नेता संजय राउत ने ये घोषणा की है। एक कार्यक्रम में राउत ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव इस बार महत्वपूर्ण होगा। अगर बीजेपी नेता को यह पद मिलता है तो पार्टी (बीजेपी) सरकार का समर्थन करने वाले दलों टीडीपी, जनता दल यूनाइटेड के साथ और चिराग पासवान व जयंत चौधरी की भी पार्टियों को तोड़ने का काम करेगी। बता दें कि 24 जून से 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने वाला है। इसके बाद 26 जून को लोकसभा में स्पीकर पद के लिए चुनाव होना है।

बीजेपी लगाये ये आरोप
संजय राउत ने मीडिया के समक्ष दावा करते हुए कहा, ''हमें अनुभव है कि भाजपा उन लोगों को धोखा देती है जो उसका समर्थन करते हैं।'' राउत ने आगे कहा, "मैंने सुना है कि टीडीपी अपना उम्मीदवार खड़ा करना चाहती है। अगर ऐसा होता है, तो ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे और यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेंगे कि विपक्षी गठबंधन के सभी सहयोगी तेदेपा को समर्थन दें।" गौरतलब है कि 4 जून को लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजे आने के बाद से स्पीकर पद के लिए खींचतान जारी है, जो अब तक नहीं थमा है। बीजेपी की अगुवाई वाले एनडीए को इसमें 293 सीटें मिली हैं। वहीं इंडिया गठबंधन को 234 सीटों पर जीत मिली है।

बीजेपी संसदीय दल की बैठक नहीं हुई
शिवसेना नेता ने आगे कहा, ''हम पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक में नेता चुना गया था, न कि भाजपा संसदीय दल की बैठक में। उन्होंने कहा, "भाजपा संसदीय दल की बैठक नहीं हुई। अगर भाजपा संसदीय दल की बैठक में नेतृत्व का मुद्दा आता तो नतीजे अलग हो सकते थे। इसलिए एनडीए संसदीय दल की बैठक में मोदी को नेता चुना गया। यह गंभीर मामला है।"
