द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
केंद्रीय कैबिनेट ने शुक्रवार को लोकसभा और विधानसभा की सीटों में 50 फीसदी बढ़ोतरी संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। साथ ही कैबिनेट ने परिसीमन से संबद्ध महिला आरक्षण के नए बिल को मंजूरी दी है। ये बिल 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा में पेश होगा। मालूम हो कि सितंबर 2023 में विधायिका में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने के लिए संसद ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। लेकिन महिलाओं को सुनिश्चित आरक्षण का लाभ तब मिल सकेगा जब नये सिरे से परिसीमन होगा। परिसीमन बिल के पास होने पर लोकसभा की सीटों की संख्या 50 फीसदी से बढ़ कर 543 से 815 हो जाएगी। अगले 25 वर्षों तक लोकसभा की सीटों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा। किसी भी राज्य में लोकसभा सीटों की संख्या में कोई कमी नहीं होगी। परिसीमन बिल पास होने पर झारखंड में लोकसभा सीटें 14 से बढ़ कर 21 और विधानसभा की सीटें 81 से बढ़ कर 121 हो जाएंगी। केंद्र सरकार के परिसीमन बिल को पास कराने को लेकर हुई चहलकदमी से झारखंड में राजनीतिक चाप सुनाई पड़ने लगी है। भाजपा छोड़ अन्य राजनीतिक दलों मे सीटों की संख्या बढ़ने की अंदरुनी खुशी दिखती है पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में होने वाले परिवर्तन को लेकर, कई तरह की आशंकाएं भी। झारखंड की राजनीति और राजनीतिक दल इसी के इर्द-गिर्द अपना नफा-नुकसान देखने लगे हैं।

बिल पास कराने के लिए इस तरह कोशिश में जुटी है भाजपा
संवैधानिक प्रावधान के अनुसार लोकसभा और राज्यसभा से परिसीमन बिल को सामान्य बहुमत से नहीं विशेष बहुमत से ही पास कराया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि वोटिंग के समय उपस्थित सांसदों का दो-तिहाई समर्थन जरूरी है। लोकसभा में फिलहाल कुल सांसदों की संख्या 540 है। इस तरह एनडीए को बिल पास कराने के लिए 360 सांसदों का समर्थन चाहिए। जबकि एनडीए के पास फिलहाल 320 सांसदों का स्पष्ट समर्थन दिखता है। इस स्थिति में केंद्र की भाजपानीत सरकार के सामने दो विकल्प बताए जा रहे हैं। इस पर केंद्र सरकार काम भी कर रही है। उसके अनुसार डीएमके के 28, एनसीपी (पवार) के 8 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसदों का समर्थन प्राप्त कर लेने पर भी 6 सांसदों की कमी रह जाती है। केंद्र सरकार इसके लिए या तो कुछ सांसदों को वोटिंग के दौरान अनुपस्थित करा सकती है। इसके लिए सपा के 37 सांसदों को वोटिंग के समय अनुपस्थित कराने की कोशिश जारी है। इस स्थिति में बिल के पास होने में किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। लोकसभा से पारित होने पर राज्यसभा से बिल को पारित कराना भी आसान हो सकता है। क्योंकि राज्यसभा के कुल सांसदों की संख्या 245 है। एनडीए के पास 142 है। जबकि बिल बास कराने के लिए 164 सांसदों की जरूरत है। 22 की कमी है। अगर डीएमके, एनसीपी और वाईएसआरसीपी का समर्थन मिला और कुछ सांसद वोटिंग के दौरान अनुपस्थित हो गए तो भाजपा का गोटी लाल हो जाएगा।

अप्रैल 2026 में क्यों नहीं पास हो सका था परिसीमन बिल
अप्रैल 2026 में केंद्र सरकार ने परिसीमन को लेकर लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पेश किया था। यह बिल पास हीं हो सका था। उस समय लोकसभ के 528 सांसदों ने वोटिंग किया था। बिल पास कराने के लिए 352 सांसदों के समर्थन की जरूर थी। पक्ष में केवल 298 और विरोध में 230 मत पड़े थे। इस तरह 54 मतों की कमी के कारण बिल पास नहीं हो सका।

किस राज्य में लोकसभा की कितनी सीटें बढ़ेंगी
यूपी-80 से 120
महाराष्ट्र-48 से 72
पश्चिम बंगाल-42 से 63
बिहार-40 से 60
तमिलनाडु-39 से 59
मध्य प्रदेश-29 से 44
कर्नाटक-28 से 42
गुजरात-26 से 39
राजस्थान-25 से 38
उड़ीसा-21 से 32
केरल-20 से 30
तेलंगाना-17 से 26
असम-14 से 21
झारखंड-14 से 21