डेस्कः
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां ट्रक और पेट्रोल टैंकर में टक्कर होने के बाद आग लग गई जिससे 9 लोग जिंदा जल गये। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक और पेट्रोल टैंकर में टक्कर हो गई थी। ट्रक लकड़ियों से भरा था, इसलिए आग तुरंत धधक उठी। ट्रक में बैठे 7 लोग और पेट्रोल टैंकर में बैठे 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। सभी शव बुरी तरह जल गये हैं इसलिए उनकी पहचान करना मुश्किल है।

पेट्रोल की वजह से तेजी से फैली आग
बता दें कि आग बहुत फैल गया था। टैंकर में पेट्रोल फैलने की वजह से आसपास के कई पेड़ जल गए हैं। चंद्रपुर से फायर बिग्रेड की एक दर्जन गाड़ियों को आग बुझाने के लिए बुलाया गया था। चंदरपुर सब डिवीजनल पुलिस अफसर सुधीर नंदनवार ने बताया कि शहर के मुख्य मार्ग पर अजयपुर गांव के पास ट्रक, टायर के फटने के बाद वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गया और उसमें आग लग गई।

फायर ब्रिगेड पर देर से पहुंचने का लगा आरोप
वन विभाग की टीम का कहना है कि इस दुर्घटना के एक घंटे बाद फायर ब्रिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में कई घंटे लग गए। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शवों को क्षतिग्रस्त ट्रकों से निकालकर नजदीकी अस्पताल के शवग्रह में रखवाया गया। घटना के बाद काफी देर तक जाम लगा रहा । चंद्रपुर शहर की ओर जाने वाली सड़क जाम रही। दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।