logo

बड़ी खबर : गांवों में एलपीजी बुकिंग अंतराल बढ़ा, अब 45 दिन बाद ही मिलेगा सिलिंडर

LPG2.jpg

नई दिल्ली 
मध्य-पूर्व में बढ़ते युद्ध तनाव का असर अब भारत की रसोई तक पहुंचता दिखाई दे रहा है। गैस सप्लाई को लेकर बनी अनिश्चितता के बीच केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलिंडर बुकिंग के नियमों में बदलाव किया है। नई व्यवस्था के तहत ग्रामीण और शहरी इलाकों के लिए अलग-अलग समय तय किया गया है।
नए नियम के अनुसार अब ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग 45 दिन के अंतराल के बाद ही हो सकेगी, जबकि शहरी इलाकों में यह अंतराल 25 दिन रहेगा। इससे पहले पूरे देश में सिलिंडर बुकिंग का अंतराल 21 दिन था, जिसे हाल ही में बढ़ाकर 25 दिन किया गया था।
सरकार के अनुसार हाल के दिनों में गैस की कमी की अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता जरूरत से पहले ही सिलिंडर बुक करने लगे थे। रिपोर्ट के मुताबिक जो लोग पहले लगभग 55 दिन में सिलिंडर बुक करते थे, वे अब 15–20 दिन के अंतराल में ही बुकिंग करने लगे थे। इससे जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका बढ़ गई थी। इसी स्थिति को नियंत्रित करने और सप्लाई सिस्टम पर अचानक दबाव कम करने के लिए बुकिंग का अंतराल बढ़ाने का फैसला लिया गया है।


वैश्विक तनाव से बढ़ी चिंता
ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़े तनाव के कारण मध्य एशिया के अहम समुद्री मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य पर खतरा बढ़ गया है। यह दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा आपूर्ति मार्गों में से एक माना जाता है।
भारत अपनी करीब 60 प्रतिशत एलपीजी जरूरत आयात से पूरी करता है और इसमें से लगभग 90 प्रतिशत गैस इसी मार्ग से आती है। ऐसे में यदि इस रास्ते पर आपूर्ति प्रभावित होती है तो इसका असर भारतीय बाजार और रसोई गैस की उपलब्धता पर पड़ सकता है।
उत्पादन बढ़ाने का दावा
पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल देश में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। मंत्रालय के अनुसार घरेलू रिफाइनरी कंपनियों ने एलपीजी उत्पादन लगभग 25 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। साथ ही कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक स्रोतों से भी व्यवस्था की गई है।
सरकार ने यह भी कहा है कि यदि भविष्य में सप्लाई पर दबाव बढ़ता है तो घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए औद्योगिक और वाणिज्यिक क्षेत्रों को मिलने वाली एलपीजी और एलएनजी की आपूर्ति में कुछ कटौती की गई है, ताकि देश के 33 करोड़ से अधिक घरों तक रसोई गैस की नियमित सप्लाई बनी रहे। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराकर सिलिंडर की बुकिंग न करें, क्योंकि फिलहाल देश में गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है।


 

Tags - LPG Rural Urban Demand Control