गढ़वा
बरडीहा प्रखंड क्षेत्र के लेभरी गांव में स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगा है। मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) के लिए मिलीभगत कर मिलावटी खाद्य तेल का प्रयोग किए जाने की गुप्त सूचना दूरभाष के माध्यम से बरडीहा के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह को मिली थी। सूचना में संजोजिका एवं अन्य कर्मियों की मिलीभगत की बात सामने आई थी। सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने एसीएमओ (ACMO) गढ़वा से संपर्क किया और फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध रॉय को तत्काल बरडीहा बुलाया। इसके बाद बीडीओ और गढ़वा के फूड इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाए उत्क्रमित मध्य विद्यालय लेभरी में औचक छापेमारी की।

क्या बताया अधिकारी ने
टीम के विद्यालय पहुंचते ही विद्यालय प्रबंधन और संबंधित टीम में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मिलावटी तेल को छिपाने का भरपूर प्रयास किया गया। लेकिन टीम ने मौके से संदिग्ध मिलावटी खाद्य तेल को जब्त कर लिया और नियमानुसार उसका सैंपल (नमूना) ले लिया। इस सैंपल को विस्तृत सरकारी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के निवाले और उनके स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर शख्त से शख्त कानूनी कार्रवाई कि जाएगी। सैंपल की रिपोर्ट आते ही संलिप्त लोगों के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी
उन्होंने पूरे प्रखंड के विद्यालयों के संयोजिकाओं और एमडीएम प्रभारियों को कड़ा संदेश दिया कि यदि किसी भी विद्यालय में बच्चों के भोजन के लिए मिलावटी खाद्य तेल, घटिया मसालों या खराब सामग्री का उपयोग पाया गया, तो प्रबंधन के खिलाफ सीधे प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। प्रशासन बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है और ऐसी औचक छापेमारी आगे भी जारी रहेगी।
