logo

देवघर में विपक्ष पर बरसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूछा, हिंदू-मुस्लिम करने से पेट भरेगा क्या ?

cm_hs.jpg

रांची 

सीएम हेमंत सोरेन ने आज देवघर के सिकटिया में मेगालिफ्ट सिंचाई परियोजना की आधारशिला रखी। इस दौरान वे विपक्ष पर जमकर बरसे। सीएम ने विपक्ष से पूछा कि हिंदू-मुस्लिम करने से पेट भरेगा क्या? उन्होंने कहा, विपक्ष के लोग झूठ फैला कर हमें भ्रष्टाचारी कहते हैं। इन्हें रोज झूठ बोलने में भी शर्म नहीं आती लेकिन, हमारे साथ राज्य के लोग हैं। यह डुमरी उपचुनाव में भी दिखा जहां हमारे आदिवासी, मूलवासी और अल्पसंख्यक भाई-बहनों ने विपक्षियों को ऐसी पटकनी दी कि इन्हें अभी तक दिन में चांद-तारे नजर आ रहे हैं। हम लोगों को ताकत आप लोगों से मिलती है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि षड्यंत्रकारी विपक्ष के लोग सिर्फ हिंदू-मुस्लिम करते हैं। हिंदू- मुस्लिम करने से पेट भरेगा क्या? सिख-ईसाई करने से नौकरी मिलेगी क्या? नौकरी मिलेगी बच्चों को पढ़ाने से, नौकरी मिलेगी वैकेंसी निकालने से। पेट भरेगा अन्नदाताओं को खेती की व्यवस्था देने से। धर्म के आधार पर विपक्ष के लोग सिर्फ समाज में जहर फैलाने का काम करते हैं। 20 वर्ष राज कर विपक्ष ने इस राज्य की हालत खराब करके रख दी। हम राज्य को आगे ले जा रहे हैं तो मेरी टांग खींचने की कोशिश में लगे हैं। लेकिन इन्हें मालूम नहीं मेरे साथ झारखंड की करोड़ों जनता का हाथ है। विपक्ष का षड्यंत्र कभी कामयाब नहीं होगा।

 

हम लोग काम करने में, मेहनत करने में विश्वास रखते हैं
सीएम हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि हम लोग काम करने में, मेहनत करने में विश्वास रखते हैं। आज यही वजह है कि इस राज्य के हर बुजुर्ग को पेंशन मिल रही है। गरीबों को राशन और कपड़ा मिल रहा है। बेटियों को किशोरी समृद्धि योजना का लाभ मिल रहा है। मुझे यहां सारठ प्रखंड कार्यालय के द्वारा गरीबों और जरूरतमंदों के साथ व्यवहार ठीक नहीं किए जाने की खबर मिल रही है। आप अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। अन्यथा आने वाले समय में इसके लिए माफी की गुंजाइश भी नहीं होगी। सीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि आप लोग स्वतंत्र होकर ईमानदारी के साथ काम करें। देश और राज्य को आगे बढ़ने का काम सिर्फ किसानों का नहीं बल्कि कर्मचारियों का भी है। हम राज्य के हमारे कर्मचारियों का भी ध्यान रख रहे हैं। आपकी सरकार ने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना से जोड़ने का काम किया है।