logo

CBI ने रिश्वत के आरोप में 3 रेल अफसरों को अरेस्ट किया, जमशेदपुर सहित 12 ठिकानों पर रेड

CBI_21.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

CBI ने रिश्वत लेने के आरोप में 5 अधिकारियों को गिरफ्तार किया है। इसमें रेलवे के भी तीन अधिकारी शामिल हैं। इसी के साथ CBI टीम ने मामले में अनुसंधान क्षेत्र का विस्तार करते हुए कुल 12 स्थानों पर छापेमारी की है। इन 12 ठिकानों में से एक झारखंड का जमशेदपुर शहर भी शामिल है। रेलवे के जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है उनमें से एक मुंबई में स्टोर मैनेजर के पद पर तैनात हैं। इनका नाम एच नारायण है और वे 2000 बैच के रेलवे अधिकारी हैं। रिश्वत के आरोपी दूसरे आरोपी का नाम अतुल शर्मा है। शर्मा साल 2010 बैच के रेलवे अधिकारी हैं। 

इस कंपनी को पहुंचाया 
CBI से मिली जानकारी के अनुसार नारायणन को मदरसन प्रा लि नामक कंपनी को गैरकानूनी तरीके से लाभ पहुंचाने के मामले में गिरफ्तार किया गया है। नारायणन के साथ ही दो अन्य अधिकारियों समीर दवे और दीपक जैन को भी इसी मामले में अरेस्ट किया गया है। ये दोनों मदरसन कंपनी के अधिकारी हैं। CBI की टीम को मदरसन कंपनी के खिलाफ कई दिनों से शिकायत मिल रही थी। मामले की पड़ताल करने पर कुछ अनियमितताओं के तार रेलवे के अधिकारियों से जुडते चले गये। इसके बाद टीम ने पांच लोगों की गिरफ्तारी की है।   

संपत्ति की तलाश में 12 स्थानों पर छापेमारी 
CBI की ओर से मिली जानकारी में बताया गया है कि नारायणन औऱ अतुल शर्मा के साथ रेलवे के ही सीनियर स्टोर मैनेजर एचडी परमार को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। CBI के अधिकारियों को अनुमान है कि इन अधिकारियों ने काली कमाई से एक बड़ी राशि और संपति अर्जित की है। ये राशि देश के अलग-अलग शहरों में हो सकती है, जहां से आरोपियों का किसी भी तरह से संबंध है। इस आलोक में CBI की टीम ने कुल 12 ठिकानों पर छापेमारी की है। इसमें मुंबई, कोलकाता, वड़ोदरा, ग्रेटर नोएडा और अहमदाबाद जैसे शहर हैं। CBI टीम को इन स्थानों पर जेवर, कैश और कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं।