रांची
आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर पूरे देश में जबरदस्त उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में रांची के मोराबादी स्थित साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर में सामाजिक संस्था रिलेशंस की ओर से “गुड लक इंडिया” कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शनिवार देर शाम आयोजित इस कार्यक्रम में शहर के युवा खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर टीम इंडिया के प्रति अपना जोश और समर्थन व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर परिसर में देशभक्ति और खेल भावना का अनोखा माहौल देखने को मिला।
तिरंगा लेकर गूंजे भारत के नारे
कार्यक्रम में शामिल बच्चों और खिलाड़ियों ने हाथों में तिरंगा लेकर “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जीतेंगे भाई जीतेंगे, इंडिया जीतेंगे” जैसे नारों से पूरे परिसर को गुंजायमान कर दिया। सभी ने एक स्वर में भारतीय टीम की जीत के लिए शुभकामनाएं दीं और भरोसा जताया कि टीम इंडिया फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेगी।

खेल प्रेमियों ने जताया भरोसा
इस मौके पर साई क्रिकेट कोचिंग सेंटर के मुख्य कोच एवं संचालक मलिक घोष, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और जेएससीए के आजीवन सदस्य राजीव रंजन सहित कई खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी और जेएससीए के आजीवन सदस्य राजीव रंजन ने कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बनाई है। देशभर के लोग टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और रांची के युवाओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

युवाओं को मिलती है प्रेरणा
मुख्य कोच मलिक घोष ने कहा कि भारतीय टीम में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की भरमार है और टीम पूरी तरह संतुलित तथा आत्मविश्वास से भरी हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी फाइनल मुकाबले में शानदार खेल दिखाकर विश्व कप का खिताब देश के नाम करेंगे। कार्यक्रम में मौजूद युवा खिलाड़ियों ने भी कहा कि वे भविष्य में टीम इंडिया की तरह देश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने तिरंगा लहराते हुए टीम इंडिया की जीत के लिए जोरदार नारे लगाए और फाइनल मुकाबले में भारत की ऐतिहासिक जीत की कामना की। इस कार्यक्रम की जानकारी अमन द्वारा दी गई।
.jpeg)