logo

जदयू संगठन चुनाव संपन्न : खीरू महतो को फिर मिली कमान, कई जिलाध्यक्ष भी चुने गए

jdu0kl.jpg

रांची

झारखंड जनता दल यूनाइटेड में संगठनात्मक चुनाव के तहत एक बार फिर खीरू महतो को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे लगातार तीसरी बार पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ। संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए नियुक्त राज्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रवण कुमार ने खीरू महतो को अध्यक्ष पद का प्रमाण पत्र सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही एक दर्जन से अधिक जिलाध्यक्षों और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से राज्य परिषद के सदस्यों का भी चुनाव संपन्न कराया गया।  
निर्वाचन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने खीरू महतो को बधाई दी और उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।


खीरू महतो ने कहा कि जिन जिलों में अभी सदस्यता अभियान पूरा नहीं हो पाया है, वहां आने वाले समय में जिलाध्यक्षों का चुनाव कराया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि संसद के बजट सत्र की समाप्ति के बाद पार्टी संगठन का विस्तार किया जाएगा।
छोटी और सक्रिय होगी प्रदेश कमेटी
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इस बार प्रदेश कमेटी को छोटा रखा जाएगा और उसमें उन्हीं कार्यकर्ताओं को जगह दी जाएगी, जो सक्रिय रूप से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं और उनके निर्णयों का सभी को सम्मान करना चाहिए। साथ ही कार्यकर्ताओं से झारखंड में पार्टी संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करने की अपील की।
इन जिलों में चुने गए अध्यक्ष
संगठनात्मक चुनाव के तहत कई जिलों में नए जिलाध्यक्षों का चयन किया गया।
•    रांची – तेतरा महतो
•    धनबाद – पिंटू सिंह
•    गोड्डा – चंद्रधर सिंह चुन्नू
•    पाकुड़ – गौतम मंडल
•    हजारीबाग – प्रभुदयाल महतो
•    रामगढ़ – ज्योतिंद्र साहू
•    बोकारो – प्रदीप महतो
•    चतरा – रामाशीष डांगी
•    पलामू – मनोज दुबे
•    जमशेदपुर – सुबोध श्रीवास्तव
•    साहेबगंज – सुनील सिन्हा
•    दुमका – उदय सिंह
•    सिमडेगा – सुनील नायक
•    कोडरमा – कृष्णा सिंह घटवार
•    जमशेदपुर महानगर – अजय कुमार
•    रांची महानगर – अखिलेश राय
खीरू महतो के दोबारा प्रदेश अध्यक्ष बनने पर जदयू नेता डॉ. आफताब जमील, भगवान सिंह, सागर कुमार सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी। इसकी जानकारी जदयू के प्रवक्ता सागर कुमार ने दी।

Tags - Khiru Mahto Third Term Leadership